लेटेस्ट न्यूज़

सपा की पहली लिस्ट से इमरान मसूद नाराज, बेहट और सहारनपुर सीट को लेकर मची हलचल!

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर तकरार बढ़ गई है. सपा की पहली सूची से इमरान मसूद नाराज हो गए और शायराना अंदाज में अखिलेश यादव पर निशाना साधा. आखिर बेहट और सहारनपुर सीटों पर क्यों अड़े हैं?

ADVERTISEMENT

Akhilesh Yadav and Imran Masood
Akhilesh Yadav and Imran Masood
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर चल रही बातचीत के बीच सपा ने पांच उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर सीट से सपा प्रत्याशियों के ऐलान पर कांग्रेस सांसद और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद बेहद नाराज हैं. उन्होंने इसे गठबंधन धर्म के खिलाफ बताते हुए शायराना अंदाज में सपा पर तीखा हमला बोला है.

उनको शायद मेरी परवाज बहुत खलती है-इमरान मसूद का पलटवार

सपा के एकतरफा फैसले पर नाराजगी जताते हुए इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन की बातचीत के बीच इस तरह उम्मीदवारों की घोषणा करना दर्शाता है कि आपके अंदर गंभीरता नहीं है. उन्होंने कहा 'आपको गठबंधन का थोड़े ही है, आप अपनी पार्टी को चला रहे हो तो फिर अपनी पार्टी चलाइए.' उन्होंने आगे कहा 'उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, उनको शायद मेरी परवाज बहुत खलती है.'

दोनों सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी उतारने के सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस को जब उम्मीदवार उतारना होगा, तब उतार देगी, इसमें कौन सी बड़ी बात है. सूत्रों के अनुसार इमरान मसूद दोनों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी उतारने पर अड़े हैं और इस संबंध में कांग्रेस आलाकमान के फैसले का इंतजार कर रहे हैं  जिसके बाद पार्टी का आधिकारिक रुख सार्वजनिक किया जाएगा.

बेहट और सहारनपुर सीटों पर इमरान मसूद की क्या है दलील?

मंगलवार को सपा ने बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर देहात से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार घोषित किया है. इनमें से बेहट और सहारनपुर की सीटों पर कांग्रेस भी मजबूती से दावा ठोक रही थी.

सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में हुई बैठक के दौरान इमरान मसूद ने पुराने चुनावी आंकड़ों का हवाला देते हुए इन सीटों पर कांग्रेस का दावा पेश किया था:

2007: इमरान मसूद खुद बेहट विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक चुने गए थे.

2012: उनके समर्थन से कांग्रेस प्रत्याशी नरेश सैनी महज 71 वोटों के अंतर से चुनाव हारे थे.

2017: इमरान मसूद के समर्थन से ही नरेश सैनी ने करीब 31 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी.

2022: विधानसभा चुनाव में इमरान मसूद ने सपा प्रत्याशी उमर अली खान की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.

कांग्रेस खेमे का मानना है कि इन ऐतिहासिक समीकरणों के बावजूद विश्वास में लिए बिना प्रत्याशी उतारना गठबंधन की भावना के विपरीत है.

सीट शेयरिंग पर अभी जारी है मंथन

एक तरफ जहां उम्मीदवारों की घोषणा से तल्खी बढ़ी है.वहीं दूसरी तरफ दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है. सोमवार को पहले दौर की बैठक 15-20 मिनट चली थी. जबकि मंगलवार को दूसरे दौर की बैठक करीब तीन घंटे तक चली.

बैठक के बाद सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत सकारात्मक रही है और 403 सीटों पर विस्तार से चर्चा करने में समय लगता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस की ओर से दो-तीन दिनों में जवाब मिलेगा और अगली दो-तीन बैठकों में सीट शेयरिंग पर अंतिम सहमति बना ली जाएगी.

ये भी पढ़ें: यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा ने जारी की पहली लिस्ट, इन 5 प्रत्याशियों के नाम का कर दिया ऐलान