बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए कमरे से भागी युवती, मेरठ के होटल में बंधक बनाकर रखने का लगाया आरोप
मेरठ के आबूलेन स्थित होटल में युवती की चीख-पुकार से हड़कंप मच गया. युवती ने सोमवार से बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया. भीड़ जुटते ही आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया. अब घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
ADVERTISEMENT

मेरठ के आबूलेन इलाके के एक होटल में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती 'बचाओ-बचाओ' की चीखें लगाते हुए होटल से बाहर की ओर भागी. उसके ठीक पीछे दौड़ते हुए आए युवक ने उसे पकड़कर दोबारा होटल के भीतर खींचने की कोशिश की.लेकिन युवती की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जुट गए. भीड़ को बढ़ता देख आरोपी युवक होटल की छत से कूदकर फरार हो गया. जबकि पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
होटल से बाहर भागी युवती
यह पूरा घटनाक्रम सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित एक होटल का है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती अचानक होटल से बाहर निकली और मदद के लिए चिल्लाने लगी. पीछे से आए युवक ने उसे दबोचकर अंदर खींचने का प्रयास किया जिस पर स्थानीय लोगों ने युवती को बचाने के लिए होटल में जाने की कोशिश की. आरोप है कि उस दौरान होटल स्टाफ ने लोगों को अंदर जाने से रोका. इसी बीच बाहर भीड़ जुटती देख आरोपी युवक छत के रास्ते कूदकर मौके से भाग निकला.
सोमवार से बंधक बनाकर रखने का आरोप
मौके पर जुटे लोगों ने जब युवती से पूछताछ की तो उसने सनसनीखेज आरोप लगाए. युवती के अनुसार, वह गाजियाबाद की रहने वाली है और उसे सोमवार से ही होटल में बंधक बनाकर जबरन अपने कब्जे में रखा गया था. मंगलवार को किसी तरह मौका हाथ लगते ही वह बाहर भागी और लोगों से मदद की गुहार लगाई. युवती ने आरोपी की पहचान कंकरखेड़ा निवासी सलमान के रूप में की है.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी लगते ही अखिल भारत हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और थाने ले गई. पुलिस युवती के बयान और तहरीर के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवती को होटल में किन परिस्थितियों में रखा गया था और इस पूरे मामले में होटल कर्मचारियों की क्या भूमिका रही.
क्या बोली पुलिस?
सीओ सदर कैंट संजय गुप्ता ने बताया कि 24 नवंबर को सदर बाजार थाने में आबूलेन स्थित एक होटल में युवक और युवती के बीच विवाद की सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवती को सकुशल वहां से निकाला और थाने लाई. उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.
