लेटेस्ट न्यूज़

इमरान मसूद के बयान पर इकरा हसन का जवाब, गठबंधन टूटने के सवाल पर दिया ये जवाब

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. इकरा हसन ने इमरान मसूद के 'भिखारी नहीं' वाले बयान पर जवाब देते हुए 26 सीटों की सूची, मौजूदा विधायकों की सीटों और 2017 के गठबंधन का जिक्र किया. उन्होंने यह भी बताया कि सपा-कांग्रेस गठबंधन टूटने की आशंका पर पार्टी का क्या रुख है.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों के बाद अब समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक बड़ी राष्ट्रीय पार्टी है और सपा उसका सम्मान करती है. गठबंधन में किसी को छोटा या बड़ा मानने का सवाल नहीं है, लेकिन विधानसभा सीटों का बंटवारा चुनावी आंकड़ों और जमीनी स्थिति को देखकर ही होना चाहिए.

'आज तक' को दिए इंटरव्यू में इकरा हसन ने इमरान मसूद के उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस सपा की सहयोगी है, भिखारी नहीं. इकरा ने कहा कि सपा की तरफ से कभी इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया गया. न कांग्रेस से भीख मांगी गई है और न उसे कोई भीख दी गई है. उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपील की कि वे ऐसी बयानबाजी से बचें, जिससे गठबंधन पर असर पड़े.

इकरा ने साफ किया कि सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत बंद नहीं हुई है. सीटों को लेकर दोनों दलों की बैठकें चल रही हैं. सपा चाहती है कि दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ें और उत्तर प्रदेश में बीजेपी को सत्ता से बाहर करें. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में सीटों का फैसला किसी नेता की व्यक्तिगत मांग या नाराजगी के आधार पर नहीं, बल्कि मजबूत चुनावी तर्क के आधार पर होना चाहिए.

सिटिंग विधायकों की सीट पर समझौता नहीं करना चाहती सपा

इंटरव्यू में इकरा हसन ने सीट बंटवारे को लेकर सपा का पक्ष विस्तार से रखा. उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच शुरुआती बातचीत में सहमति बनी थी कि जिन सीटों पर सपा या कांग्रेस के मौजूदा विधायक हैं, उन्हें लेकर दोबारा बातचीत नहीं होगी. इकरा के मुताबिक, जिस पार्टी का विधायक पहले से किसी सीट पर जीतकर बैठा है, उस सीट पर उसका दावा स्वाभाविक है.

उन्होंने कांग्रेस को भेजी गई 26 सीटों की सूची का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें सबसे पहले कांग्रेस के मौजूदा विधायकों वाली सीटों को रखा गया था. रामपुर खास और फरेंदा ऐसी दो सीटें हैं, जहां कांग्रेस के विधायक हैं. इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी.

इकरा ने सवाल उठाया कि जब सपा ने कांग्रेस के मौजूदा विधायकों की सीटों को पहले ही सूची में शामिल किया है, तो कांग्रेस को इस पर आपत्ति क्यों है? उन्होंने कहा कि सपा ने अपने मौजूदा विधायकों की सीटें भी घोषित की हैं. उनकी विधानसभा बेहट भी इस सूची में शामिल है.

इमरान मसूद के 'मेरी वजह से विधायक बने' वाले दावे पर भी दिया जवाब

इमरान मसूद ने सपा के कुछ विधायकों की जीत का श्रेय खुद को दिया था. उनका तर्क था कि उमर अली और आशु मलिक जैसे विधायक उनकी वजह से चुनाव जीते. इस पर इकरा हसन ने कहा कि किसी चुनाव में जीत का पूरा श्रेय एक व्यक्ति को देना ठीक नहीं है.

उन्होंने कहा कि चुनाव में सही समय, सही पार्टी, उम्मीदवार की मेहनत और कई दूसरे कारण काम करते हैं. अगर कोई नेता दावा करे कि सब कुछ उसी की वजह से हुआ है, तो उसकी अपनी गलतफहमी हो सकती है.

इकरा ने इमरान मसूद को 2019 के लोकसभा चुनाव की याद भी दिलाई. उन्होंने कहा कि उस समय इमरान मसूद कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे और सपा-बसपा का गठबंधन था. उस चुनाव में इमरान उन विधानसभा क्षेत्रों से भी अपेक्षित समर्थन हासिल नहीं कर पाए थे, जिनका जिक्र अब वह अपने दावे के पक्ष में कर रहे हैं. इसके बाद 2022 में वह सपा के साथ आए और उन सीटों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार जीते.

2017 में इमरान मसूद के लिए छोड़ी थी नकुड़ सीट

इंटरव्यू में इकरा हसन ने 2017 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उस समय सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन था. इमरान मसूद नकुड़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे और समाजवादी पार्टी ने इस सीट पर इकरा की मां को टिकट दिया था, लेकिन गठबंधन के तहत जब नकुड़ सीट कांग्रेस के खाते में गई, तो सपा ने सम्मान के साथ अपना टिकट छोड़ दिया था.

इकरा ने कहा कि गठबंधन में इसी तरह आपसी समझ और सम्मान होना चाहिए. एक पार्टी को दूसरी पार्टी की मांगों का भी ध्यान रखना पड़ता है. उन्होंने कहा कि सपा ने कभी  नहीं कहा कि कांग्रेस उससे भीख मांग रही है. सीटों का बंटवारा दोनों दलों के बीच लेन-देन और सम्मान के आधार पर होना चाहिए.

अखिलेश यादव और इमरान मसूद की तुलना पर भी बोलीं इकरा

इंटरव्यू के दौरान इकरा हसन से पूछा गया कि क्या अखिलेश यादव इमरान मसूद को सबक सिखाना चाहते हैं? इस पर उन्होंने कहा कि इमरान मसूद और अखिलेश यादव की तुलना नहीं की जा सकती. दोनों का राजनीतिक स्तर और जिम्मेदारी अलग है.

उन्होंने कहा कि इमरान मसूद जब सहारनपुर से लोकसभा चुनाव लड़े, तब समाजवादी पार्टी ने उनका पूरा सहयोग किया था. 2019 और 2024 के चुनावों के नतीजों की तुलना करने पर भी समझा जा सकता है कि गठबंधन में दोनों दलों का सहयोग जरूरी होता है.

गठबंधन टूटने की आशंका पर क्या बोलीं इकरा?

जब इकरा से पूछा गया कि क्या दो सीटों को लेकर शुरू हुआ विवाद सपा-कांग्रेस गठबंधन को तोड़ सकता है, तो उन्होंने इससे इनकार किया. उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस को सम्मानजनक सहयोगी मानती है और आगे भी उसके साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है.

इकरा ने कांग्रेस नेताओं से अपील की कि जो बातें दोनों पार्टियों के बीच बातचीत में तय हो चुकी हैं, उन्हें लेकर बार-बार सार्वजनिक बयानबाजी नहीं होनी चाहिए. उनका कहना था कि बीजेपी लगातार गठबंधन के नेताओं के बयानों का इस्तेमाल करती है. इसलिए दोनों दलों को अपने मतभेद बातचीत से सुलझाने चाहिए.