लेटेस्ट न्यूज़

अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने पटना पहुंचे बृजभूषण सिंह, सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी दिया जवाब

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में शामिल होने के लिए बृजभूषण शरण सिंह पटना पहुंचे. एयरपोर्ट पर उनसे सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर सवाल पूछा गया, लेकिन उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करने के बजाय शादी की बात दोहराई. हेलीकॉप्टर को लेकर उनके एक जवाब ने भी पत्रकारों का ध्यान खींचा.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

बिहार के मोकामा से पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में शामिल होने के लिए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पटना पहुंचे. पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने उनसे शादी और उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़े सवाल पूछे. इस दौरान सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर भी उनसे सवाल किया गया.

एयरपोर्ट पर बातचीत के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने बताया कि वह अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने आए हैं. शादी में शामिल होने के बाद उन्हें गोरखपुर में एक कार्यक्रम में भी जाना है. इसके लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई है. पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि क्या अनंत सिंह ने हेलीकॉप्टर भेजा है तो उन्होंने जवाब दिया, ''हमारा है, समझो उन्हीं का है.''

सपा-कांग्रेस गठबंधन के सवाल पर क्या बोले बृजभूषण?

पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने बृजभूषण शरण सिंह से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर भी सवाल किया. उनसे पूछा गया कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन हुआ है, इस पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है.

इस सवाल पर बृजभूषण ने कोई सीधा राजनीतिक जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा कि वह शादी में जा रहे हैं. बातचीत के दौरान भी उन्होंने शादी में शामिल होने की बात दोहराई और पत्रकारों से बातचीत खत्म कर दी.

25 नवंबर को होनी है शिवांगी और ऋषिकेश की शादी

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार के साथ होनी है. विवाह समारोह बिहार के पटना जिले के नदवां गांव में अनंत सिंह के पैतृक आवास पर आयोजित किया जा रहा है. शादी से पहले 20 नवंबर को तिलक, 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी व संगीत की रस्में हुईं. 

इस शादी में बिहार और दूसरे राज्यों की कई राजनीतिक और चर्चित हस्तियों को निमंत्रण दिया गया है. बृजभूषण शरण सिंह ने भी पहले ही शादी में शामिल होने की पुष्टि की थी. उन्होंने कहा था कि अनंत सिंह ने उन्हें प्रेम से बुलाया है, इसलिए वह जरूर जाएंगे. 

(शुभम निराला के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें- महिलाओं को 40000 रुपये और 300 यूनिट बिजली फ्री, सपा के मेनिफेस्टो में हो सकते हैं ये 7 वादे