लेटेस्ट न्यूज़

यूपी में सीट बंटवारे से पहले एनडीए सहयोगियों में बढ़ी खींचतान, अतरौलिया सीट को लेकर आमने-सामने आए ओपी राजभर और संजय निषाद

यूपी चुनाव 2027 से पहले एनडीए में सीटों को लेकर घमासान तेज हो गया है. अतरौलिया सीट पर निषाद पार्टी और सुभासपा आमने-सामने हैं. ओपी राजभर ने संजय निषाद को क्या जवाब दिया और भाजपा किस फॉर्मूले से सुलझाएगी विवाद?

ADVERTISEMENT

OP Rajbhar, CM Yogi and Sanjay Nishad
OP Rajbhar, CM Yogi and Sanjay Nishad
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही जहां एक तरफ सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का पेंच फंसा हुआ है. वहीं दूसरी तरफ एनडीए खेमे में भी औपचारिक सीट बंटवारे से पहले ही सहयोगी दलों की दावेदारी और बयानबाजी तेज हो गई है. इस सियासी खींचतान का सबसे बड़ा केंद्र आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट बनी हुई है जहां निषाद पार्टी और सुभासपा आमने-सामने आ गए हैं.

सीटों का फैसला संजय निषाद नहीं बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व करेगा-ओपी राजभर

सोमवार को आजमगढ़ के निरीक्षण भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अतरौलिया सीट पर निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की दावेदारी पर सीधा निशाना साधा. राजभर ने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा संजय निषाद नहीं, बल्कि बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तय करेंगे.

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किसी भी सीट पर दावा ठोकने से पहले वहां के जातीय समीकरण और मतदाताओं की संख्या की जानकारी होना जरूरी है, बिना आंकड़ों के बयानबाजी करना उचित नहीं है. गौरतलब है कि 2022 के चुनाव में अतरौलिया से एनडीए के तहत निषाद पार्टी ने उम्मीदवार उतारा था जिसे हार का सामना करना पड़ा था. अब अतरौलिया के अलावा दीदारगंज और जौनपुर की शाहगंज जैसी सीटों पर भी दोनों दल अपना दावा जता रहे हैं.

सहयोगी दलों की बढ़ी मांगों से उलझा भाजपा का गणित

2027 के चुनाव से पहले भाजपा के सामने अपने सहयोगी दलों- अपना दल (एस), निषाद पार्टी, सुभासपा और रालोद (RLD) की बढ़ती अपेक्षाओं के बीच संतुलन बनाने की बड़ी चुनौती है. 23 नवंबर को लखनऊ में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भी सहयोगी दलों की सीटों को लेकर मंथन हुआ है.

दिल्ली से लखनऊ तक मुलाकातों का दौर: एक ओर जहां संजय निषाद ने हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है. वहीं ओमप्रकाश राजभर ने अपने दोनों बेटों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की और केंद्रीय नेतृत्व से भी समय मांगा है.

अन्य सहयोगियों का दबाव: अनुप्रिया पटेल एनडीए में अपना दल (एस) की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रही हैं तो जयंत चौधरी की रालोद भी अपने कोटे में इजाफा चाहती है. इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की मांगें भी समीकरणों को प्रभावित कर रही हैं.

आरक्षण का मुद्दा: एक तरफ संजय निषाद आरक्षण के मुद्दे पर मुखर हैं तो दूसरी तरफ सुभासपा भी पिछड़ी जातियों के आरक्षण की बात उठा रही है.

क्या कहता है 2022 का चुनावी स्ट्राइक रेट और भाजपा का फॉर्मूला?

2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 376 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि सहयोगियों का प्रदर्शन अलग-अलग रहा था:

दल 2022 में लड़ी सीटें (गठबंधन) जीती गई सीटें स्ट्राइक रेट
अपना दल (एस) 17 (एनडीए) 12 ~70%
निषाद पार्टी 10 (एनडीए) 06 60%
सुभासपा 19 (सपा गठबंधन) 06 ~32%
रालोद (RLD) 33 (सपा गठबंधन) 08 ~24%

2022 में सपा के साथ रहे रालोद और सुभासपा के इस बार भाजपा के साथ होने से चुनावी समीकरण बदले हैं. ऐसे में सहयोगी दलों को संतुष्ट करने और अपने मौजूदा विधायकों को एडजस्ट करने के लिए भाजपा 'सिंबल हमारा, प्रत्याशी आपका' जैसे फॉर्मूले पर भी विचार कर रही है. वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कहना है कि सभी सहयोगी दलों से सम्मानजनक बातचीत जारी है और जल्द ही सर्वमान्य फॉर्मूला निकाल लिया जाएगा.

छह दिसंबर को आजमगढ़ में सुभासपा की महारैली

इस सियासी हलचल के बीच ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि छह दिसंबर को आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में सुभासपा की 'सामाजिक समरसता महारैली' आयोजित होगी जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई मंत्री शामिल होंगे.  
 

ये भी पढ़ें: सपा की पहली लिस्ट से इमरान मसूद नाराज, बेहट और सहारनपुर सीट को लेकर मची हलचल!