ट्रैक्टर पर सवार होकर अनंत सिंह के घर पहुंचे बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह, बेटी के शादी में हुए शामिल

ADVERTISEMENT
बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में शामिल होने यूपी के नेता बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से पहुंचे. नदवा गांव में भारी भीड़ के चलते उनकी गाड़ी फंस गई, जिसके बाद उन्हें ट्रैक्टर पर सवार होकर शादी समारोह तक जाना पड़ा.
बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों सियासी गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है. मोकामा के नदवा गांव में हुई इस शादी में सियासत से लेकर बाहुबल तक के कई चर्चित चेहरे एक ही छत के नीचे नजर आए. इस शादी में उत्तर प्रदेश से भी कई रसूखदार नेता पहुंचे, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा यूपी के बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह की रही. 25 नवंबर को पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद बृजभूषण हेलीकॉप्टर से सीधे नदवा गांव पहुंचे. गांव में उमड़ी भारी भीड़ के कारण उनकी गाड़ी आगे नहीं बढ़ पाई, जिसके बाद उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए कार छोड़कर ट्रैक्टर पर सवार होना पड़ा. ट्रैक्टर पर बैठकर उन्होंने अनंत सिंह के रसूख को लेकर ऐसा बयान दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
हेलीकॉप्टर पर बृजभूषण का खास अंदाज
पटना एयरपोर्ट से लेकर नदवा गांव तक बृजभूषण शरण सिंह की एंट्री किसी फिल्मी सीन से कम नहीं रही. 25 नवंबर को वे एयर इंडिया की फ्लाइट से पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया. जब उनसे पूछा गया कि क्या अनंत सिंह ने हेलीकॉप्टर भिजवाया है, तो बृजभूषण ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया कि हेलीकॉप्टर हमारा है, समझो उन्हीं का है. उन्होंने बताया कि अनंत सिंह से उनका बहुत पुराना रिश्ता है और दोनों परिवारों का आना-जाना रहा है. बेटी की शादी का न्योता मिलने पर वे चले आए. उनके साथ अयोध्या के हनुमानगढ़ी के संत हेमंत दास जी, केशवदास जी, उनके दामाद विशाल जी और कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह जी भी शादी में शामिल होने पहुंचे.
भारी भीड़ के बीच ट्रैक्टर सवारी
शादी के लिए अनंत सिंह के गांव नदवा में भव्य इंतजाम किए गए थे, जहां हेलीपैड बनाने के साथ-साथ घुड़दौड़ का आयोजन भी रखा गया था. गांव पहुंचने पर अनंत सिंह ने बृजभूषण का गर्मजोशी से स्वागत किया. लेकिन घुड़दौड़ देखने और बृजभूषण की एक झलक पाने के लिए लोगों का इतना बड़ा हुजूम उमड़ा कि व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया और कुछ लोग बिजली के टावर तक पर चढ़ गए. भीड़ में गाड़ी फंसने के कारण बृजभूषण सुरक्षा के लिहाज से ट्रैक्टर पर बैठ गए. ट्रैक्टर पर बैठे-बैठे ही उन्होंने कहा कि अनंत सिंह का दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा, दबदबा का मतलब प्रभाव होता है और यह कोई गाली नहीं है. उन्होंने कहा कि बिहार और यूपी के हर गांव से नौजवान अनंत दादा के प्रेम में उमड़ पड़े हैं. घुड़दौड़ पर उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों से आए घोड़े कुछ खास होते हैं, जबकि उनका अपना घोड़ा सिर्फ सुबह-शाम घूमने के लिए है.
शादी में जुटे कई बड़े नेता
मेहमानों की मौजूदगी ने अनंत सिंह की बेटी की शादी को एक बड़े सियासी जमावड़े में बदल दिया. उत्तर प्रदेश से बृजभूषण शरण सिंह के अलावा बीजेपी नेता दीपक राज भी हेलीकॉप्टर से नदवा गांव पहुंचे. वहीं, बिहार की राजनीति के भी कई दिग्गज इस समारोह में शिरकत करने आए. मेहमानों की लिस्ट में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पूर्व सांसद साधु यादव, नवादा के सांसद विवेक ठाकुर और राम कृपाल यादव जैसे कई महत्वपूर्ण चेहरे नजर आए. यूपी और बिहार के बड़े नेताओं के एक साथ जुटने से यह शादी रिश्तेदारी के साथ-साथ राजनीतिक चर्चाओं का भी केंद्र बन गई.
यह भी पढ़ें: यूपी में किसके साथ है गैर-यादव OBC वोटर? SCORE सर्वे में बीजेपी, सपा और बसपा को मिल रहा कितना वोट शेयर
