लेटेस्ट न्यूज़

इटावा में पड़ोसन देखती थी सोने के गहनों वाले स्टेटस, फिर मौका मिलते ही चोरी कर पैसों से खरीद ली स्विफ्ट कार

इटावा में एक महिला के सोशल मीडिया स्टेटस पर लगे सोने के गहनों की तस्वीरें देखकर पड़ोस में रहने वाली महिला ने चोरी की साजिश रच दी. आरोप है कि उसने अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर घर से जेवरात और नकदी चुराई.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के इटावा में सोशल मीडिया पर अपने सोने के गहनों की तस्वीरें और स्टेटस लगाना एक महिला को महंगा पड़ गया. उसके पड़ोस में रहने वाली महिला की नजर इन गहनों पर थी. उसने पहले पीड़िता से नजदीकियां बढ़ाईं और फिर अपने प्रेमी के साथ मिलकर घर में रखे जेवरात चोरी करने की योजना बना ली. चोरी के लिए दो अन्य लोगों को भी साथ मिला लिया गया.

परिवार के लोग घर से बाहर गए तो आरोपियों ने मौका देखकर पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़ी और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए. चोरी की रकम से आरोपियों ने कार भी खरीद ली. इटावा पुलिस ने मामले की जांच के बाद पड़ोसी महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से करीब 12 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है.

घर खाली देखकर दिया चोरी की वारदात को अंजाम

मामला इटावा शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर, महेरा चुंगी का है. यहां रहने वाली सीमा देवी पत्नी सुदेश कुमार के घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हो गई थी. परिवार के लोग एक समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे. इसी दौरान चोरों ने घर के पिछले दरवाजे का ताला और कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया. परिवार के लौटने पर घटना की जानकारी हुई. इसके बाद सीमा देवी ने फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

पड़ोस में रहने वाली पूजा ने बनाई चोरी की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की साजिश में पड़ोस में रहने वाली पूजा यादव शामिल थी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, सीमा देवी सोशल मीडिया पर सोने के गहने पहनकर अपना स्टेटस लगाती थीं. पूजा उनके स्टेटस देखती रहती थी. इससे उसे पता चल गया था कि सीमा के पास काफी सोने-चांदी के आभूषण हैं.

पूजा ने पहले सीमा देवी से नजदीकियां बढ़ाईं. इसके बाद उसे उनके घर और परिवार की गतिविधियों की जानकारी मिलने लगी. जब पूजा को पता चला कि परिवार घर से बाहर गया हुआ है, तो उसने अपने साथियों के साथ चोरी की योजना को अंजाम दिया.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पूजा की करीब चार साल पहले एक शादी समारोह में गौतम यादव से दोस्ती हुई थी. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके पास इसके लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे. पूजा ने गौतम को सीमा के घर में रखे गहनों के बारे में बताया. इसके बाद दोनों ने चोरी करके पैसे जुटाने की योजना बनाई.

चोरी के बाद अलग-अलग जगह बेचे गहने

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की वारदात में पूजा, गौतम यादव और आसिफ मंसूरी शामिल थे. आरोप है कि उन्होंने घर के पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए.

चोरी के बाद सभी जेवरात एक साथ बेचने के बजाय अलग-अलग जगहों पर बेच दिए गए, ताकि किसी को शक न हो और पुलिस तक उन तक पहुंचने का रास्ता न मिले. इस मामले में राम वर्मा की भूमिका भी सामने आई. पुलिस के मुताबिक, वह चोरी के आभूषण खरीदने वाले सुनार के तौर पर शामिल था.

चोरी के पैसों से फाइनेंस पर खरीदी स्विफ्ट कार

पुलिस के अनुसार, चोरी के गहने बेचने से मिली रकम का इस्तेमाल आरोपियों ने अपने खर्चों के लिए किया. पूछताछ में गौतम यादव ने बताया कि उसने चोरी की रकम में से करीब 2 लाख 70 हजार रुपये देकर फाइनेंस पर एक स्विफ्ट कार खरीदी थी. बाकी कुछ पैसे भी खर्च कर दिए गए थे.

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात के साथ नकदी और कार भी बरामद की है. बरामद सामान में करीब 35.850 ग्राम सोने के आभूषण, 541 ग्राम चांदी के जेवरात और 2 लाख 32 हजार रुपये नकद शामिल हैं. इसके अलावा एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है. बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है.

चोरी के माल का बंटवारा करते समय पकड़े गए आरोपी

इटावा पुलिस की एसओजी, सर्विलांस और फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम इस मामले की जांच कर रही थी. 24 और 25 नवंबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि देशरमऊ रोड हाईवे अंडरपास के पास एक खंडहर के नजदीक कुछ लोग कार में चोरी के सामान और रुपये का बंटवारा कर रहे हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस तरह हुई है-

  • गौतम यादव (35 वर्ष): चोरी की योजना में शामिल होने का आरोप.
  • आसिफ मंसूरी (31 वर्ष): चोरी की वारदात में शामिल.
  • राम वर्मा (27 वर्ष): चोरी के गहने खरीदने वाला सुनार.
  • पूजा यादव (32 वर्ष): पीड़िता की पड़ोसी, जिस पर चोरी की साजिश रचने का आरोप है.

पुलिस ने चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, चारों को जेल भेजा जा रहा है. यह मामला सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें और महंगे सामान दिखाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की जरूरत भी बताता है.