पूर्वांचल में भाजपा और सपा में होगी तगड़ी टक्कर, SCORE सर्वे में किसका पलड़ा दिखा भारी?
यूपी चुनाव 2027 से पहले पूर्वांचल में सियासी तस्वीर बदलती नजर आ रही है. SCORE इंटेलिजेंस सर्वे में सपा-कांग्रेस गठबंधन को बड़ी बढ़त मिलने का अनुमान है. आखिर 141 सीटों वाले पूर्वांचल में भाजपा के लिए कितनी सीटों पर चुनौती बढ़ी है? सर्वे के आंकड़े चौंकाते हैं.
ADVERTISEMENT

SCORE Intelligence Survey: उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल की सियासी जमीन को लेकर बड़ा संकेत सामने आया है. 141 सीटों वाले इस अहम सियासी बेल्ट में 'स्कोर इंटेलिजेंस' (SCORE Intelligence) के ताजा सर्वे ने मुकाबले की तस्वीर को खासा गरमा दिया है. 15 अक्टूबर से 23 नवंबर 2026 के बीच 91,429 लोगों के सैंपल साइज पर आधारित SCORE सर्वे के मुताबिक पूर्वांचल की सियासी हवा में इंडिया गठबंधन को बढ़त मिलती नजर आ रही है, जिससे 2027 के मुकाबले को लेकर सियासी हलचल और तेज हो गई है.
पूर्वांचल का सियासी गणित और पूरे यूपी का हाल
सर्वे के अनुसार, पूर्वांचल की 141 सीटों में से सपा+कांग्रेस को 73 से 91 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है. जबकि एनडीए 47 से 65 सीटों तक सिमटता दिख रहा है. इसके अलावा बसपा को 1 सीट, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 2 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं 18 सीटों पर कांटे की टक्कर (टाई) की स्थिति बताई गई है.
पूर्वांचल का वोट शेयर: क्षेत्रीय वोट प्रतिशत में भी सपा-कांग्रेस गठबंधन एनडीए से आगे नजर आ रहा है.पूर्वांचल में INDIA अलायंस को 40.7% वोट शेयर मिलने का अनुमान है. जबकि एनडीए को 39.0% वोट मिलते दिख रहे हैं. वहीं बसपा 14.4% वोट शेयर के साथ तीसरे स्थान पर है.
पूरे यूपी (403 सीटों) की तस्वीर: प्रदेशव्यापी आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 403 विधानसभा सीटों में एनडीए को 181 से 226 सीटें और INDIA गठबंधन को 174 से 219 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं बसपा को 1 सीट और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 2 सीटें मिलती दिख रही हैं. जबकि प्रदेश की 45 सीटों पर बेहद कड़ा मुकाबला है.
कैसे हुआ यह सर्वे: यह संभावित चुनावी सर्वे 15 अक्टूबर से 23 नवंबर 2026 के बीच ऑनलाइन, फोन और फेस-टू-फेस बातचीत के जरिए 91,429 लोगों की राय लेकर तैयार किया गया है. सर्वे के संकेत साफ हैं कि 23 नवंबर तक के माहौल के हिसाब से पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है.
यह सर्वे मतदाताओं की मौजूदा पसंद को दिखाता है. इसे 2027 के विधानसभा चुनाव का अंतिम नतीजा नहीं माना जा सकता है.
