लेटेस्ट न्यूज़

उन्नाव में नागिन धुन सुनकर रेंगता हुआ आ गया जहरीला सांप, डसने से 26 साल के अर्जुन की मौत

उन्नाव में शादी के हल्दी-मेहंदी समारोह के दौरान नागिन धुन बजते ही असली सांप निकल आया. लोगों में मची अफरा-तफरी के बीच उसे पकड़ने पहुंचे 26 वर्षीय युवक को सांप ने डस लिया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई.

ADVERTISEMENT

Unnao News
Unnao News
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार और मातम में बदल गईं जब हल्दी-मेहंदी समारोह के दौरान बज रही 'नागिन धुन' के बीच सचमुच एक लंबा-चौड़ा जहरीला सांप निकल आया. पहले तो लोगों ने इसे मजाक समझा. लेकिन जैसे ही लोगों ने सांप को रेंगता हुआ देखा कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई. भीड़ को बचाने की कोशिश में सांप को पकड़कर बाहर ले जा रहे एक 26 साल के पड़ोसी युवक को सांप ने डस लिया जिससे इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई.

क्या है पूरा मामला?

मामला उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के कब्जा गांव का है जहां देवराज द्विवेदी की बेटी की शादी की रस्में चल रही थीं. घर में हल्दी-मेहंदी और महिला संगीत का कार्यक्रम था और डीजे पर नागिन डांस की धुन बज रही थी. इसी बीच अचानक वहां एक बड़ा जहरीला सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया जिसे देखकर लोगों के होश उड़ गए.

सांप निकलने से मौके पर हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक समारोह में डांस कर रहे 26 साल के पड़ोसी युवक अर्जुन ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया और उसे बाहर ले जाने लगा. इसी दौरान सांप ने अर्जुन को डस लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी.

घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग अर्जुन को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे. उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया.लेकिन लखनऊ के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस जांच में जुटी

युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अजगैन थाना अपराध निरीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि युवक की मौत लखनऊ में हुई है. इसलिए वहीं उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव से पहले संजय राउत का चौंकाने वाला बयान, सीएम की तारीफ में बोले-'योगी नहीं तो यूपी नहीं'