अतरौलिया के बाद अकबरपुर सीट पर भी ओमप्रकाश राजभर ने ठोक दिया दावा, क्या बनेगी उनकी बात?
यूपी चुनाव 2027 से पहले NDA में सीटों को लेकर घमासान शुरू हो गया है. ओम प्रकाश राजभर ने बेटे के लिए अतरौलिया और खुद के लिए अकबरपुर सीट पर दावा ठोक दिया है. संजय निषाद के विरोध के बीच अब भाजपा क्या करेगी?
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही एनडीए के भीतर सीट बंटवारे को लेकर रस्साकशी शुरू हो गई है. योगी सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बिना औपचारिक बातचीत के ही सहयोगी दलों की सीटों पर एकतरफा दावेदारी ठोककर सियासी पारा बढ़ा दिया है. बेटे अरुण राजभर के लिए संजय निषाद के कोटे की अतरौलिया सीट पर उम्मीदवार घोषित करने के बाद अब राजभर ने खुद के लिए भाजपा के खाते वाली अकबरपुर सीट पर भी दावा ठोक दिया है, जिससे गठबंधन में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है.
अतरौलिया से अकबरपुर तक सियासी घमासान
आजमगढ़ की अतरौलिया सीट एनडीए के बंटवारे में संजय निषाद के कोटे में मानी जाती है. इसके बावजूद ओम प्रकाश राजभर ने न केवल यहां दावा ठोका, बल्कि अपने बेटे अरुण राजभर को उम्मीदवार घोषित कर चुनाव प्रचार में भी उतार दिया है. पिछले चुनाव में यहां से निषाद पार्टी के इंजीनियर प्रशांत सपा के संग्राम सिंह यादव से करीब 17,000 वोटों से हारे थे.
अपनी सीट पर सुभासपा की सक्रियता देख संजय निषाद का धैर्य अब जवाब दे रहा है. उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा है कि सीटें तय करने का अधिकार सिर्फ भाजपा और अमित शाह को है और कोई भी दल किसी दूसरे की सीट नहीं हड़प सकता. निषाद ने स्पष्ट किया है कि वे किसी भी कीमत पर अतरौलिया सीट नहीं छोड़ेंगे और यदि ऐसा ही चलता रहा तो वे बड़ा फैसला लेने को मजबूर होंगे.
अब भाजपा की अकबरपुर सीट पर नजर: बेटे के बाद ओम प्रकाश राजभर ने अंबेडकर नगर की अकबरपुर सीट से खुद चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा के धर्मराज निषाद मैदान में थे जिन्हें सपा के रामअचल राजभर ने हराया था.
दो सीटों से लड़ने की तैयारी में राजभर: एनडीए में सीट बंटवारे की औपचारिक चर्चा शुरू होने से पहले ही राजभर तीन सीटों पर दावेदारी सार्वजनिक कर चुके हैं. वे अपनी मौजूदा सीट बलिया की जहुराबाद के साथ-साथ अकबरपुर से भी चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, जबकि अतरौलिया से बेटे को आगे कर दिया है.
भाजपा की चुप्पी और राजभर की बढ़ती महत्वाकांक्षा: सियासी गलियारों में माना जा रहा है कि राजभर किसी भी गठबंधन में रहते हुए अपनी शर्तों पर राजनीति करते हैं. मौजूदा समीकरणों में भाजपा को पूर्वांचल में सुभासपा की जरूरत है जिस वजह से पार्टी नेतृत्व सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है और इसी का फायदा उठाकर राजभर लगातार अपनी दावेदारी बढ़ाते जा रहे हैं.
