अखिलेश यादव के चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं और किसानों के लिए क्या-क्या? मुफ्त बिजली, कर्ज माफी और पेंशन जैसे कई बड़े वादे
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव घोषणा पत्र जारी कर दिया है. इस घोषणापत्र में महिलाओं और किसानों को लेकर कई बड़े और अहम वादे किए गए हैं.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव घोषणा पत्र जारी कर दिया है. इसका नाम 'पीडीए का प्रणपत्र' रखा गया है. समाजवादी पार्टी ने अपने इस घोषणापत्र में महिलाओं और किसानों के विकास के लिए कई बड़े वादे किए हैं.
पार्टी ने किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम दिलाने के लिए प्रदेश की सभी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है. इसके साथ ही किसानों का कर्ज माफ करने से लेकर सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने जैसे कई अहम वादे किए हैं.
सपा के इस घोषणापत्र में महिलाओं के लिए भी कई अहम वादे किए गए हैं. इनमें महिलाओं को सुरक्षित माहौल, सम्मान, शिक्षा और बराबरी के अवसर देने का वादा किया गया है. पार्टी ने बुजुर्ग महिला कारीगरों को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस व्यवस्था बनाने की बात भी कही है. बता दें, सपा महिलाओं के लिए अलग से विस्तृत घोषणापत्र जल्द जारी करेगी.
किसानों के लिए घोषणापत्र में क्या खास है?
समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में किसानों की आमदनी और उनकी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए कई वादे किए हैं.
1. किसानों को MSP की कानूनी गारंटी
उत्तर प्रदेश में सभी 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी सुनिश्चित की जाएगी. इसके अलावा जो फसलें MSP के दायरे में नहीं आती है, जिनमें आलू, टमाटर और प्याज शामिल है. उनके लिए राज्य सरकार मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था तैयार करेगी.
2. किसानों का कर्ज माफ और बनेगा ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर बजट
सपा ने अपने घोषणा पत्र में किसानों के कर्ज माफ करने की योजना तत्काल प्रभाव से लागू करने का वादा किया है. इसके अलावा ग्रामीण अर्थव्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये का ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर बजट भी बनाया जाएगा.
3. गन्ना किसानों के भुगतान पर जोर औस सिंचाई के मुफ्त बिजली
गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर भी सपा ने बड़ा वादा किया है. इसके लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाया जाएगा. इस फंड के जरिए गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की बात कही गई है. साथ ही गन्ने की वास्तविक लागत का हिसाब लगाकर हर साल उसका मूल्य बढ़ाया जाएगा.
घोषणापत्र में किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने का भी वादा किया गया है. इसके साथ ही ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया है.
4. गांवों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
समाजवादी पार्टी ने ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए नए विलेज क्लस्टर बनाने का वादा किया है. इन गांवों में बिजली, पानी, सीवर, सड़क, वाईफाई, सीसीटीवी, स्ट्रीट लाइट और इंटरनेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
इसके साथ ही 73वें संविधान संशोधन के अनुसार ग्राम पंचायत, ब्लॉक पंचायत और जिला पंचायत को मजबूत किया जाएगा. स्थानीय जरूरतों के हिसाब से विकास की योजनाएं बनाई जाएंगी और उनके लिए अलग से बजट दिया जाएगा.
महिलाओं के लिए घोषणापत्र में किए गए वादे
सपा ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं के लिए कई वादे किए हैं. इसके साथ ही सपा ने यह भी बताया है कि महिलाओं के लिए एक अलग से घोषणापत्र जारी किया जाएगा.
1. महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सपा ने विशेष महिला पुलिस ढांचा तैयार करने का वादा किया है. यह ढांचा डीजीपी के नियंत्रण में काम करेगा और इसकी पहुंच गांवों तक होगी. इसका मकसद महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकना और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करना है.
इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस की नई भर्तियों में महिलाओं को 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने की बात कही गई है. महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वुमेन पावर लाइन और डायल 100/112 सेवा को फिर से मजबूत और जवाबदेह बनाया जाएगा.
2. महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई का वादा
घोषणापत्र में महिलाओं के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों, संगठित अपराध और हेट क्राइम के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही गई है. ऐसे मामलों में जल्द न्याय दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतों के जरिए सुनवाई सुनिश्चित करने का वादा किया गया है.
3. छात्राओं को लैपटॉप और हॉस्टल
महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा को लेकर भी कई घोषणाएं की गई हैं. सपा ने हर महिला को मुफ्त और अच्छी शिक्षा का समान अवसर देने का वादा किया है. इसके साथ ही खासतौर पर लड़कियों के लिए तहसील स्तर पर कौशल विकास और करियर परामर्श केंद्र बनाए जाएंगे.
बड़े शहरों में छात्राओं के रहने के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे. 12वीं पास करने वाली छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना को फिर से शुरू करने का वादा किया गया है.
4. बुजुर्ग महिला कारीगरों को पेंशन
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए घोषणापत्र में पेंशन और स्वास्थ्य बीमा से जुड़े वादे भी शामिल हैं. इसके तहत बुजुर्ग महिला कारीगरों को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी.
निर्माण कार्य से जुड़ी बुजुर्ग महिलाओं को भी सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया गया है. इसके अलावा उन्हें 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने की बात कही गई है.
5. पांच रुपये में मिलेगी भोजन थाली और
सपा ने महिलाओं के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में समाजवादी कैंटीन खोलने का वादा किया है. इन कैंटीन में लोगों को सिर्फ 5 रुपये में भोजन की थाली मिलेगी.
6. आशा और आंगनबाड़ी कर्मियों को मिलेगा सम्मान
सपा ने आशा, आंगनबाड़ी, सहायिका और नर्सिंग स्टाफ को सम्मानजनक वेतन देने का वादा किया है. इसके अलावा समायोजन, सामाजिक सुरक्षा, न्यायसंगत सेवा शर्तों के साथ पुरानी पेंशन का लाभ देने का भी वादा किया गया है.
7. गर्भवती महिलाओं को मुफ्त इलाज
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सपा ने महिलाओं के लिए कई वादे किए हैं. घोषणापत्र के अनुसार गर्भवती महिलाओं और जच्चा-बच्चा को अच्छी और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके साथ ही प्रभावी एंबुलेंस सुविधा देने की बात कही गई है.
अदालतों में प्रैक्टिस करने वाली महिला वकीलों के छोटे बच्चों की देखभाल के लिए कोर्ट परिसर में क्रेच बनाए जाएंगे. इससे महिला अधिवक्ताओं को अपने काम के दौरान बच्चों की देखभाल की सुविधा मिल सकेगी.
8. पुलिस दंपति की एक जिले में तैनाती
घोषणापत्र में पुलिस विभाग में काम करने वाले पति-पत्नी को लेकर भी वादा किया गया है. इसके तहत अगर पति और पत्नी दोनों पुलिस विभाग में नौकरी करते हैं तो उनकी तैनाती एक ही जिले में करने का यथासंभव प्रयास किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: लैपटॉप फिर मिलेंगे, 25 लाख सरकारी नौकरी; अखिलेश के घोषणापत्र में युवाओं और छात्रों के लिए क्या है?
