लैपटॉप फिर मिलेंगे, 25 लाख सरकारी नौकरी; अखिलेश के घोषणापत्र में युवाओं और छात्रों के लिए क्या है?
यूपी चुनाव 2027 के लिए अखिलेश यादव ने युवाओं और छात्रों को लेकर अपने संकल्प पत्र में कई वादे किए हैं. इनमें पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां, बेरोजगार ग्रेजुएट को हर महीने 5 हजार रुपये, पेपर लीक पर जवाबदेही और 12वीं पास छात्रों को लैपटॉप देने की घोषणा शामिल है. जानिए, रोजगार और शिक्षा को लेकर सपा ने और क्या-क्या वादे किए हैं.
ADVERTISEMENT

SP Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने युवाओं और छात्रों को ध्यान में रखते हुए अपने घोषणापत्र में कई बड़े वादे किए हैं. रोजगार से लेकर शिक्षा तक, पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में कई ऐसी घोषणाएं की हैं जिनका सीधा संबंध युवाओं से है.
सबसे बड़ा वादा अगले पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का है. इसके अलावा 2 से 3 करोड़ युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, ग्रेजुएशन पूरा कर चुके युवाओं को नौकरी या रोजगार मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये पोषण भत्ता देने की बात कही गई है.
पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य
सपा के संकल्प पत्र में युवाओं के लिए सबसे प्रमुख घोषणा सरकारी नौकरियों को लेकर है. पार्टी ने वादा किया है कि पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी. इसके अलावा दूसरे क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
पार्टी ने सरकारी विभागों में खाली पदों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भरने की बात कही है. इसके लिए सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाएगा और परीक्षाएं तय समय पर आयोजित की जाएंगी. घोषणापत्र के मुताबिक, जिन भर्तियों में केवल एक परीक्षा होगी, उनकी प्रक्रिया तीन महीने में पूरी की जाएगी. वहीं, एक से अधिक परीक्षाओं वाली भर्तियों को छह महीने में पूरा करने का वादा किया गया है. इसमें परिणाम समय पर और पारदर्शी तरीके से घोषित करने की बात भी शामिल है.
ग्रेजुएट को नौकरी मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये
बेरोजगार युवाओं के लिए सपा ने एक और बड़ा वादा किया है. घोषणापत्र में कहा गया है कि हर ग्रेजुएट को नौकरी या रोजगार दिलाने के लिए विशेष कौशल विकास की व्यवस्था की जाएगी. जब तक ग्रेजुएट युवा को नौकरी या रोजगार नहीं मिलता, तब तक उसे हर महीने 5 हजार रुपये पोषण भत्ता दिया जाएगा.
पेपर लीक रोकने के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था
सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में देरी लंबे समय से चिंता का विषय रहे हैं. सपा ने अपने घोषणापत्र में ऐसी भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था विकसित करने का वादा किया है, जिससे पेपर लीक की समस्या ही पैदा न हो. पार्टी ने कहा है कि पेपर लीक होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाएगी.
हर साल 5 लाख युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण
सपा ने रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कौशल विकास पर भी जोर दिया है. घोषणापत्र में व्यापक स्तर पर कौशल विकास केंद्र स्थापित करने और हर साल 5 लाख युवाओं को इन केंद्रों से लाभान्वित करने का वादा किया गया है. इसके अलावा तहसील स्तर पर कौशल विकास और करियर परामर्श केंद्र बनाए जाएंगे. इनके माध्यम से हर साल 20 लाख युवाओं का कौशल विकास करने की बात कही गई है. घोषणापत्र में खास तौर पर छात्राओं को भी इन केंद्रों से जोड़ने का उल्लेख है.
MSME सेक्टर में 2032 तक एक करोड़ से अधिक नौकरियों का दावा
रोजगार सृजन के लिए सपा ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग यानी MSME सेक्टर को बढ़ावा देने की बात कही है. पार्टी का लक्ष्य है कि इस क्षेत्र को विकास का इंजन बनाया जाए और वर्ष 2032 तक इसमें एक करोड़ से अधिक नौकरियां सुनिश्चित की जाएं. इसके लिए नई औद्योगिक नीति 2027 लाने, स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने और उद्योगों के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था को प्रभावी बनाने का प्रस्ताव भी घोषणापत्र में शामिल है.
AI से नौकरी जाने का खतरा, प्रभावित लोगों को मिलेगा प्रशिक्षण
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच रोजगार पर पड़ने वाले असर को भी सपा ने अपने घोषणापत्र में जगह दी है. पार्टी ने कहा है कि AI के कारण जिन लोगों की नौकरी चली गई है या जिनकी नौकरी जाने की आशंका है, उन्हें चिह्नित कर कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे दोबारा रोजगार हासिल कर सकें.
इसके अलावा स्मार्ट किसान सहायक योजना के तहत पांच लाख ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार देने का वादा किया गया है. इसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण में प्रशिक्षित युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है.
अग्निवीरों को राज्य पुलिस और दूसरे विभागों में रोजगार देने का वादा
सपा ने अग्निवीर योजना का विरोध करने की बात भी घोषणापत्र में कही है. पार्टी के मुताबिक, जब तक इस नीति में बदलाव नहीं होता, तब तक ऐसे अग्निवीर जिन्हें सेना में स्थायी कमीशन नहीं मिल पाता, उन्हें राज्य पुलिस और अन्य विभागों में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा.
बड़े शहरों में छात्रों के लिए हॉस्टल
छात्रों की आवास संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाने का वादा किया गया है. वहीं, शहरों में रहने वाले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने की बात कही गई है.
शिक्षा के क्षेत्र में क्या हैं अखिलेश के वादे?
शिक्षा को लेकर सबसे प्रमुख घोषणा बंद प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू करने की है. घोषणापत्र में कहा गया है कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा संचालित किया जाएगा. इन स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है.
12वीं पास छात्रों को फिर मिलेंगे लैपटॉप
सपा ने 12वीं कक्षा पास करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना दोबारा लागू करने का वादा किया है. इसके अलावा सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है.
घोषणापत्र में शिक्षा के लिए राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) का 6 प्रतिशत खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है. पार्टी ने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक सभी के लिए समान रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था करने की बात कही है.
उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रम रोजगार से जोड़े जाएंगे
सपा ने उच्च शिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रमों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने का प्रस्ताव रखा है. पार्टी का कहना है कि इससे युवाओं को रोजगार पाने में मदद मिलेगी और शिक्षा तथा रोजगार के बीच का अंतर कम होगा.
एक साल में शिक्षकों के खाली पद भरने का वादा
शिक्षा व्यवस्था में खाली पदों को लेकर भी घोषणापत्र में बड़ा वादा किया गया है. पार्टी ने राज्य की शिक्षा प्रणाली में सभी रिक्त पदों पर एक साल के भीतर नियुक्तियां करने और अनुबंध पर नियुक्तियां बंद करने की बात कही है.
शिक्षा मित्रों को नियमित करने के लिए विधिक सलाह के अनुसार विशेष अभियान चलाने का प्रस्ताव है. जब तक उन्हें नियमित नहीं किया जाता, तब तक उनके मानदेय में हर महीने 5 हजार रुपये की बढ़ोतरी करने का वादा किया गया है. इसके अलावा बिना सरकारी सहायता वाले (Unaided) स्कूलों को 5 हजार रुपये का विशेष मासिक अनुदान देने की बात भी कही गई है.
युवाओं और छात्रों के लिए घोषणाओं में क्या है खास?
अखिलेश यादव के इस संकल्प पत्र में रोजगार और शिक्षा को एक-दूसरे से जोड़ने की कोशिश दिखाई देती है. एक तरफ सरकारी नौकरियों की संख्या बढ़ाने, भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी करने और बेरोजगार ग्रेजुएट को आर्थिक सहायता देने का वादा है. दूसरी तरफ स्कूलों को दोबारा खोलने, लैपटॉप वितरण, डिजिटल सुविधाओं और उच्च शिक्षा को उद्योगों की जरूरतों से जोड़ने की बात कही गई है.
ये भी पढ़ें- हर महीने ₹5000 से किसानों की कर्जमाफी तक, मैनिफेस्टो में अखिलेश यादव ने किए ये 22 बड़े वादे
