पल्लवी पटेल ने सारनाथ से शुरू की 12 दिवसीय 'रोजगार एवं भागीदारी यात्रा', गांव-गांव में करेंगी आम सभाएं और जन चौपाल

ADVERTISEMENT
Pallavi Patel Yatra: अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सारनाथ से 12 दिवसीय रोजगार एवं भागीदारी यात्रा शुरू की है. इस दौरान उन्होंने गठबंधन को लेकर बड़ा सियासी संकेत दिया और कहा कि जल्द ही इस पर से पर्दा उठेगा.
Pallavi Patel Yatra: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही समय बचा है और इसे देखते हुए अपना दल (कमेरावादी) की नेता व विधायक डॉ. पल्लवी पटेल भी पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई हैं. युवा कार्यकर्ताओं के बड़े जत्थे के साथ खुद स्कूटी चलाकर पल्लवी पटेल चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं. 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के मौके पर उन्होंने वाराणसी के ऐतिहासिक सारनाथ से 'रोजगार एवं भागीदारी यात्रा' की शुरुआत की है. पार्टी के मुताबिक यह यात्रा 12 दिनों तक चलेगी और अलग-अलग जिलों की चुनिंदा विधानसभा सीटों से होते हुए राजधानी लखनऊ पहुंचेगी. इस दौरान पल्लवी पटेल ने आगामी 2027 के चुनाव में गठबंधन को लेकर भी बड़ा सियासी संकेत दिया है और कहा है कि जल्द ही इस पर से पर्दा उठेगा.
गेस्ट हाउस नहीं, गांवों में रुकेंगी
अपनी इस 12 दिवसीय यात्रा के दौरान पल्लवी पटेल जगह-जगह आम सभाएं और जन चौपाल आयोजित करेंगी. इस यात्रा के लिए पार्टी ने एक अनोखी रणनीति बनाई है. पार्टी की तरफ से जारी बयान के अनुसार, पूरे कार्यक्रम के दौरान डॉ. पल्लवी पटेल समेत कोई भी नेता किसी सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में नहीं रुकेगा, बल्कि सभी नेता गांवों में ही रात्रि विश्राम करेंगे. इस यात्रा में 'रोजगार नहीं तो सरकार नहीं' और 'भागीदारी नहीं तो सरकार नहीं' के नारों के साथ युवाओं और जनता से जुड़े बुनियादी सवालों को मुख्य मुद्दा बनाया जा रहा है.
गठबंधन के सवाल पर दिया जवाब
यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में पल्लवी पटेल ने हर सवाल का बेबाक जवाब दिया. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन के साथ जाएंगी या फिर सिराथू उपचुनाव की तरह अखिलेश यादव के साथ रहेंगी, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि बस थोड़े वक्त का इंतजार है और जल्द ही पर्दा उठ जाएगा. उन्होंने कहा कि इस तानाशाही सरकार को सत्ता से हटाने वाली सभी ताकतें एक साथ होंगी. वहीं, लखनऊ में हो रही चंद्रशेखर और ओवैसी की रैली पर उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक संगठन को अपनी बात और एजेंडा रखने की आजादी है. सपा द्वारा पिछड़ों और दलितों को छले जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और मुसलमानों की आवाज उठाने की जिम्मेदारी दी है, जिसे वे 2022 से 2027 तक बिना किसी समझौते के निभा रही हैं.
8 दिसंबर को लखनऊ में महाआंदोलन
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पल्लवी पटेल ने कहा कि चुनाव दो धाराओं में बंटकर हो रहा है और अमृतकाल का सपना दिखाने वाली इस सरकार के तुगलकी फरमान व तानाशाही को हटाने के लिए संविधान में विश्वास रखने वाले सभी संगठनों को एक साथ खड़ा होना होगा. उन्होंने दावा किया कि 2022 में वे जिस गठबंधन में थे, उसके तहत उन्होंने 12 प्रतिशत ज्यादा वोट हासिल किए थे और तब से लेकर अब तक सड़क से सदन तक जनता की लड़ाई लड़ी है. उन्होंने साफ कहा कि 2027 में भाजपा की निरंकुश सरकार के लिए दोबारा सत्ता में आना आसान नहीं होगा. पार्टी के अनुसार, इस 12 दिवसीय यात्रा के खत्म होने के तुरंत बाद 8 दिसंबर को राजधानी लखनऊ में एक बड़े महाआंदोलन का भी आह्वान किया गया है.
यह भी पढ़ें: सपा के मैनिफेस्टो पर सीएम योगी का पहला रिएक्शन, 25 लाख नौकरी के वादे पर अखिलेश को घेरा
