लेटेस्ट न्यूज़

सपा के घोषणापत्र पर CM योगी का पलटवार, युवाओं को 30 लाख नौकरी और OPS पर उठाए सवाल

सपा के घोषणापत्र पर CM योगी का पलटवार, युवाओं को 30 लाख नौकरी और OPS पर उठाए सवाल

ADVERTISEMENT

अखिलेश यादव ने 2027 चुनाव के लिए 'पीडीए का प्रणपत्र' जारी कर युवाओं, किसानों और महिलाओं से कई बड़े वादे किए हैं. सीएम योगी ने इन वादों पर सवाल उठाते हुए सपा के पुराने कार्यकाल पर निशाना साधा है.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने 'पीडीए का प्रणपत्र' नाम से अपना घोषणापत्र जारी कर चुनावी बिसात बिछा दी है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घोषणापत्र में युवाओं, किसानों, महिलाओं और सरकारी कर्मचारियों के लिए कई बड़े वादे किए हैं, जिनकी सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है. हालांकि, अखिलेश के इन वादों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा हमला बोलते हुए सपा के पुराने कार्यकाल का हिसाब मांगा है. लखनऊ में यूपी ट्रिपल एससी (UPSSSC) के अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटते हुए सीएम योगी ने सपा के 30 लाख नौकरी देने के दावे और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

सपा के वादों पर योगी का पलटवार

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की नियुक्ति पत्र बांटने की गति को 'सैफई सिंडिकेट' गिन भी नहीं पाएगा, क्योंकि वहां के लोग नोट गिनने के अलावा और कुछ नहीं गिनते हैं. सपा के 30 लाख नौजवानों को नौकरी देने के दावे पर सवाल उठाते हुए योगी ने कहा कि जब उनकी सरकार थी, तब उन्होंने क्या किया था, यूपी का नौजवान यह पूछना चाहता है. इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने के वादे पर सीएम योगी ने सपा को घेरते हुए याद दिलाया कि साल 2005 में न्यू पेंशन स्कीम लागू करने वाली समाजवादी पार्टी ही थी.

युवाओं और किसानों के लिए ऐलान

यूपी में बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दों के बीच अखिलेश यादव ने युवाओं को साधने के लिए बड़ा दांव खेला है. घोषणापत्र में वादा किया गया है कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में ही 10 लाख खाली सरकारी पदों को भरने का फैसला लिया जाएगा और 5 साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी. इसके अलावा दूसरे क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने, बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5000 रुपये देने, भर्ती परीक्षाओं का सालाना कैलेंडर जारी करने और पेपर लीक होने पर अफसरों व मंत्रियों की जवाबदेही तय करने का वादा किया गया है. वहीं, किसानों के लिए कर्ज माफी, 23 फसलों और दूध पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, गन्ना भुगतान के लिए 15,000 करोड़ रुपये का फंड बनाकर 24 घंटे में भुगतान करने, खेती के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की बात कही गई है.

महिलाओं, कर्मचारियों और पीडीए पर फोकस

सपा के घोषणापत्र में महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के लिए भी कई घोषणाएं शामिल हैं. बुजुर्ग महिलाओं, महिला कामगारों और महिला कारीगरों को सालाना 400 रुपये की आर्थिक सहायता देने, महिला सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस व्यवस्था बनाने, पुलिस भर्ती में 33 प्रतिशत आरक्षण देने और भोजन के लिए समाजवादी कैंटीन खोलने का प्रस्ताव रखा गया है. पीडीए वर्ग को जोड़ने के लिए जातिगत जनगणना कराने, 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने, दलित विकास परिषद बनाने और अनुसूचित जाति व जनजाति के कल्याण के लिए बजट का 20 प्रतिशत खर्च करने का वादा किया गया है. इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था को खत्म करने का भी ऐलान किया गया है.

यह भी पढ़ें: UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अफसरों का तबादला, चार जिलों को मिले नए पुलिस कमिश्नर