कौन हैं जे. रविंदर गौड़, जिन्हें बनाया गया नोएडा का नया पुलिस कमिश्नर? 2005 बैच के हैं अफसर
नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को उत्तर प्रदेश पुलिस में करीब 20 साल का अनुभव है. वह आगरा और गाजियाबाद में भी पुलिस कमिश्नर रह चुके हैं.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद नोएडा पुलिस कमिश्नरेट को नया पुलिस कमिश्नर मिल गया है. गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ अब गौतमबुद्ध नगर की पुलिस व्यवस्था संभालेंगे. वहीं, नोएडा की मौजूदा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है.
जे. रविंदर गौड़ 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस में उन्हें करीब 20 साल का अनुभव है. वह लखनऊ, गोरखपुर, आगरा और गाजियाबाद समेत कई जगहों पर काम कर चुके हैं. आगरा और गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी संभालने के बाद अब उन्हें नोएडा की कमान सौंपी गई है.
कौन हैं जे. रविंदर गौड़?
जे. रविंदर गौड़ का जन्म 1 दिसंबर 1973 को तेलंगाना के महबूबनगर में हुआ था. वह उत्तर प्रदेश कैडर के 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. उन्होंने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए की पढ़ाई की है. 22 अगस्त 2005 को उन्हें भारतीय पुलिस सेवा में नियुक्ति मिली थी. फिलहाल वह आईजी रैंक के अधिकारी हैं.
पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में काम किया. वर्ष 2013 में उन्हें लखनऊ का एसएसपी बनाया गया था. इसके बाद उन्होंने गोरखपुर रेंज में डीआईजी और आईजी के तौर पर जिम्मेदारी संभाली. वह लखनऊ में विशेष जांच दल (एसआईटी) में डीआईजी के पद पर भी तैनात रहे.
आगरा और गाजियाबाद में भी संभाल चुके हैं पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी
जे. रविंदर गौड़ को 11 जनवरी 2024 को आगरा का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था. वहां करीब 15 महीने काम करने के बाद 15 अप्रैल 2025 को उन्हें गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया. अब उनका तबादला गौतमबुद्ध नगर कर दिया गया है. वह नोएडा और ग्रेटर नोएडा की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे.
उम्भा नरसंहार की जांच का भी कर चुके हैं नेतृत्व
जे. रविंदर गौड़ का नाम उत्तर प्रदेश के कुछ चर्चित मामलों की जांच से भी जुड़ा रहा है. वर्ष 2019 में एसआईटी में तैनाती के दौरान उन्होंने सोनभद्र के उम्भा गांव में हुए नरसंहार की जांच का नेतृत्व किया था. घटना जमीन विवाद से जुड़ी थी. करीब 40 साल पुराने जमीन के मामले को लेकर हुए विवाद में गोंड जनजाति के 11 लोगों की हत्या कर दी गई थी. आगरा में पुलिस कमिश्नर रहते हुए वह जगदीशपुरा कांड की जांच को लेकर भी चर्चा में रहे.
पुलिस सेवा के लिए मिल चुके हैं तीन सम्मान
जे. रविंदर गौड़ को उनके काम के लिए डीजी कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया जा चुका है. उन्हें 15 अगस्त 2019 को सिल्वर डिस्क, 15 अगस्त 2021 को गोल्ड डिस्क और 15 अगस्त 2024 को प्लेटिनम डिस्क मिला था. इसके अलावा 1 जनवरी 2023 को उन्हें आईजी रैंक पर पदोन्नति मिली थी.
नोएडा में नए पुलिस कमिश्नर के सामने होंगी ये चुनौतियां
नोएडा और ग्रेटर नोएडा तेजी से बढ़ते शहरी और औद्योगिक क्षेत्र हैं. यहां आबादी के साथ कारोबार, आवासीय सोसायटियों और वाहनों की संख्या भी बढ़ी है. नए पुलिस कमिश्नर के सामने इन सभी क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना चुनौती होगी.
साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से निपटना उनकी प्रमुख चुनौतियों में शामिल रहेगा. डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों से ठगी के मामले भी चिंता का विषय हैं. इसके अलावा संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर कार्रवाई करना भी पुलिस के लिए जरूरी होगा.
औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा भी अहम होगी. महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा, ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर भी पुलिस को काम करना होगा.
