गोरखपुर में बीजेपी को झटका, पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने ज्वाइन की समाजवादी पार्टी

ADVERTISEMENT
गोरखपुर में बीजेपी को झटका लगा है. बीजेपी के मौजूदा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं. रवि किशन से फोन पर हुई तीखी बहस के बाद वह चर्चा में आए थे.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में गोरखपुर से एक बड़ी सियासी खबर सामने आई है. गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी अपने साथियों के साथ बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं. अखिलेश यादव के साथ खड़े होकर अभिवादन स्वीकार करते हुए उनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं. विश्वजीत त्रिपाठी वही पार्षद हैं, जिनका बीते दिनों गोरखपुर के सांसद रवि किशन के साथ फोन पर तीखी बहस का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. उस समय शहर में जलभराव की समस्या को लेकर पार्षद ने सांसद को जमकर खरी-खोटी सुनाई थी. अब उनके सपा में आने से गोरखपुर की सियासत गरमा गई है, जहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ को घेरने के लिए लगातार नए समीकरण बना रहे हैं.
रवि किशन से हुई थी बहस
दरअसल, बीते दिनों गोरखपुर में भारी जलभराव की समस्या को लेकर पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने सांसद रवि किशन को फोन लगाकर नाराजगी जताई थी. इस बातचीत में त्रिपाठी ने कहा था कि तरकुलानी रेगुलेटर और पंप सही समय पर न चलने के कारण 14 साल बाद वार्डों में ऐसी जगहों पर पानी भर गया है, जहां पहले कभी पानी नहीं लगता था. इस पर सांसद रवि किशन ने उनसे कहा था कि आप सपा वाली बात कर रहे हैं, क्या आपने सपा जॉइन कर ली है. जवाब में पार्षद ने भी पलटवार करते हुए पूछ लिया था कि सांसद जी, क्या आपने बसपा जॉइन कर ली है. बातचीत के दौरान जब रवि किशन ने उन्हें 'ब्राह्मण देवता' कहा, तो पार्षद ने नाराज होकर कहा था कि यहां ब्राह्मण की बात नहीं है, पूरा शहर डूब रहा है. यही नहीं, त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर भी रवि किशन के 'गोरखपुर नहीं स्पेन है' वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा था कि आपने स्पेन को वेनिस बना दिया है और रात में रामगढ़ ताल जाकर वहां की स्थिति भी दिखाई थी.
पुरानी पार्टी सपा में की वापसी
विश्वजीत त्रिपाठी के लिए समाजवादी पार्टी कोई नया ठिकाना नहीं है, बल्कि यह उनकी घर वापसी है. वे पहले भी समाजवादी पार्टी में रहकर संगठन को मजबूत करने का काम किया करते थे, लेकिन बीते दिनों किसी कारणवश अलग होकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे. अब बीजेपी से विचार और भावनाएं अलग होने के बाद उन्होंने अपने समर्थकों व साथियों के साथ फिर से समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है. पार्टी में शामिल होने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया.
गोरखपुर में अखिलेश यादव की रणनीति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में सेंध लगाने के लिए अखिलेश यादव इस बार अलग रणनीति पर काम कर रहे हैं और बीजेपी खेमे से नाराज नेताओं को अपने साथ जोड़ रहे हैं. इससे पहले एमएलसी चुनाव में भी जब बीजेपी से टिकट मांग रहे संजय त्रिपाठी को टिकट नहीं मिला था, तो अखिलेश यादव ने अपने प्रत्याशी कमलेश यादव का टिकट काटकर उन्हें मैदान में उतारा था. चुनाव हारने के बाद भी संजय त्रिपाठी ने हमेशा अखिलेश यादव के साथ खड़े रहने की बात कही थी और गोरखपुर की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी वे मौजूद नजर आए. इसके अलावा बीते दिनों अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रोड शो कर चौरी-चौरा में अजय सिंह टप्पू से भी मुलाकात की थी, हालांकि उस दौरान एक बच्चे की मौत को लेकर बीजेपी ने उनके काफिले पर आरोप भी लगाए थे. इन तमाम आरोप-प्रत्यारोप के बीच अखिलेश यादव गोरखपुर में ठाकुर और ब्राह्मण समीकरण को साधते हुए बीजेपी को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में जुटे हैं.
यह भी पढ़ें: UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अफसरों का तबादला, चार जिलों को मिले नए पुलिस कमिश्नर
