लेटेस्ट न्यूज़

'कागज बनवाने के लिए ₹25000 लेना करप्शन नहीं,' UP सरकार में मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भ्रष्टाचार की बताई नई परिभाषा

'कागज बनवाने के लिए ₹25000 लेना करप्शन नहीं,' UP सरकार में मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भ्रष्टाचार की बताई नई परिभाषा

ADVERTISEMENT

हाथरस में जन चौपाल के दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे मांगे जाने की शिकायत की. इस पर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य बोलीं- कागज बनवाने के लिए लिए गए 2500 रुपये कोई करप्शन नहीं होता है.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य का एक बेहद चौंकाने वाला बयान सामने आया है. शुक्रवार को जिले की प्रभारी मंत्री के तौर पर हाथरस पहुंची बेबी रानी मौर्य ने रमनपुर की मलिन बस्ती में जन चौपाल लगाई थी. इस दौरान कुछ महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे मांगे जाने की शिकायत की. जब मीडिया ने इस भ्रष्टाचार को लेकर मंत्री से सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा कि कुछ कागज बनवाने के लिए लिए गए दो-ढाई हजार रुपये कोई करप्शन नहीं होते हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा चुकी है. मंत्री के इस बयान के बाद अब भ्रष्टाचार की परिभाषा और गरीबों से होने वाली वसूली को लेकर नई बहस छिड़ गई है.

जन चौपाल में महिलाओं की शिकायत

दरअसल, यूपी सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को जनता की समस्याएं सुनने, सरकारी योजनाओं का हाल जानने और जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के उद्देश्य से हाथरस के रमनपुर की मलिन बस्ती में पहुंची थीं. जन चौपाल के दौरान स्थानीय महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना में वसूली का आरोप लगाकर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. महिलाओं का कहना था कि गरीब परिवारों को पक्का मकान देने के लिए चलाई जा रही इस योजना का लाभ दिलाने के नाम पर उनसे पैसे मांगे जा रहे हैं.

भ्रष्टाचार पर मंत्री का अजीब बयान

जन चौपाल के बाद जब पत्रकारों ने आवास योजना में सामने आए भ्रष्टाचार के इस मामले पर मंत्री बेबी रानी मौर्य से सवाल किया, तो उनका जवाब सुनकर हर कोई हैरान रह गया. मंत्री ने कहा कि किसी ने कागज बनवाने के लिए कैसे भी पैसे लिए हों, लेकिन 2500 रुपये कोई करप्शन नहीं होता है. उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि बहुत से गरीब लोगों के कागज पूरे नहीं होते हैं और कोई भी व्यक्ति अपनी जेब से पैसे लगाकर किसी के कागज नहीं बनवाएगा. जब संवाददाताओं ने उनसे पूछा कि फिर कितनी धनराशि भ्रष्टाचार के दायरे में आती है और करप्शन की न्यूनतम रकम क्या है, तो मंत्री भड़कते हुए अंदाज में बोलीं कि अब हमें क्या पता भाई.

एफआईआर दर्ज होने की दी जानकारी

हालांकि, बेबी रानी मौर्य ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर किसी ने रिश्वत या करप्शन के नाम पर पैसे लिए हैं, तो उस पर कार्रवाई की गई है. उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद महिला से पूछा था, जिसने 2500 रुपये लिए जाने की बात बताई थी. मंत्री के मुताबिक, स्थानीय विधायक ने जानकारी दी है कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है और जांच भी पूरी हो चुकी है. वहीं, मंत्री के इस बयान के बाद यह सवाल उठ रहा है कि जिस गरीब महिला के लिए 2500 रुपये की रकम घर का राशन, बच्चों की फीस और दवा का इंतजाम कर सकती है, उससे सरकारी योजना के कागज बनवाने के नाम पर पैसे लेना मामूली बात कैसे हो सकती है.

यह भी पढ़ें: इमरान मसूद की नाराजगी के बीच कांग्रेस आलाकमान का बड़ा दांव, उसी सहारनपुर से कैंपेन शुरू करेंगे राहुल गांधी जहां सपा ने उतारे प्रत्याशी