गाजीपुर में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या करने वाला परवेज गिरफ्तार, पुलिस एनकाउंटर के दौरान पैर में लगी गोलियां
Ghazipur Double Murder: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मां-बेटी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये का इनामी सोनू उर्फ परवेज को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT

Ghazipur Double Murder: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मां-बेटी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये का इनामी सोनू उर्फ परवेज को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक 28 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की थी. इसी दौरान आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी. फिलहाल घायल आरोपी को इलाज के लिए गाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है.
23 नवंबर की रात हुई थी हत्या
यह पूरा मामला गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव का है. 23 नवंबर की रात मां और बेटी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या हुई थी. इस दोहरे हत्याकांड के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी सोनू उर्फ परवेज की तलाश शुरू की थी. आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था. वारदात के बाद से ही वह फरार चल रहा था.
मुखबिर की सूचना के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक 28 नवंबर को मुखबिर से आरोपी के बारे में सूचना मिली थी. इसके बाद नंदगंज पुलिस टीम ने पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के बगल से दवोपुर गांव जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की थी. इसी दौरान पुलिस का सामना आरोपी सोनू उर्फ परवेज से हो गया. पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है.
तमंचा और चापड़ बरामद हुआ
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से कई हथियार बरामद किए हैं. इनमें 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस शामिल हैं. इसके अलावा पुलिस को आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी मिला है. पुलिस इन बरामद सामानों को मामले की जांच से जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
नंदगंज पुलिस ने की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई को थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में नंदगंज पुलिस टीम ने अंजाम दिया है. एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने भी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है.
