लेटेस्ट न्यूज़

अनुप्रिया पटेल के गढ़ में राजा भैया ने उतारा अपना उम्मीदवार, विश्वनाथगंज सीट पर दोनों आमने-सामने, जानें पूरा चुनावी समीकरण

Raja Bhaiya vs Anupriya Patel: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजा भैया और अनुप्रिया पटेल के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है. राजा भैया ने तीन उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. इसमें एक सीट ऐसी भी है, जिसे अपना दल (एस) की पक्की सीट माना जाता है. यह सीट विश्वनाथगंज है, जहां से JDS ने कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया है. इसके साथ ही एक सर्वे भी सामने आया है, जिसने कुंडा, बाबागंज और विश्वनाथगंज सीट पर चुनावी स्थिति को बताया है.

ADVERTISEMENT

Raja Bhaiya vs Anupriya Patel
Raja Bhaiya vs Anupriya Patel
social share
Google CTA

Raja Bhaiya vs Anupriya Patel: यूपी तक के खास शो 'पूर्वांचल की बात' में सियासत से जुड़ी खबर का विश्लेषण होता है. पूर्वांचल की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एक और राजनीतिक फ्रंट खुल गया है. यह सियासी तकरार जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया और अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के बीच दिख रहा है.

दरअसल राजा भैया ने हाल ही में तीन विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है. इनमें कुंडा से राजा भैया, बाबागंज से विनोद सरोज और अनुप्रिया पटेल की परंपरागत सीट मानी जाने वाली विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल शामिल हैं. बता दें, वर्तमान में विश्वनाथगंज सीट से अपना दल (एस) के जीतलाल पटेल विधायक हैं.

अब राजा भैया ने इस पर अपना उम्मीदवार उतारकर सीधे अनुप्रिया पटेल को चुनौती दी है. जानकारी के लिए बता दें, दोनों के बीच यह तकरार  2024 के लोकसभा चुनाव से शुरू हुई थी. तब नुप्रिया पटेल ने बीजेपी प्रत्याशी विनोद सोनकर के समर्थन में प्रचार करते हुए राजा भैया पर निशाना साधा था. इसके बाद राजा भैया ने मिर्जापुर पहुंचकर अनुप्रिया पटेल के खिलाफ प्रचार किया था.

इसी बीच यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक सर्वे भी आया है, जिसके अनुसार अनुप्रिया पटेल और राजा भैया दोनों के लिए मुश्किलें बढ़ती हुई दिख रही हैं. आइए जानते हैं पूरी खबर विस्तार से.

तीन विधानसभा सीटों पर राजा भैया ने उतारे अपने प्रत्याशी

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने हाल ही में प्रतापगढ़ की तीन विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है. इसमें कुंडा से रघुराज प्रताप सिंह ने अपना नाम फाइनल किया है. बाबागंज से मौजूदा विधायक विनोद सरोज को फिर से मौका दिया है. इसके अलावा वह सीट जो चर्चा में है, विश्वनाथगंज जहां से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है.

विश्वनाथगंज सीट पर इस घोषणा को खास माना जा रहा है, क्योंकि इस सीट पर वर्तमान में अपना दल (एस) के जीतलाल पटेल विधायक हैं. यह सीट लंबे समय से अपना दल का मजबूत क्षेत्र रही है. इस सीट पर 2022 के विधानसभा चुनाव में जीतलाल पटेल ने अपना दल (एस) के टिकट पर जीत दर्ज की थी. इससे पहले 2017 में राकेश कुमार वर्मा यहां से विधायक बने थे. वहीं 2014 के उपचुनाव में भी राकेश कुमार वर्मा ने अपना दल के टिकट पर जीत हासिल की थी. बता दें, 2014 में अपना दल का विभाजन नहीं हुआ था.

राजा भैया ने इसी विश्वनाथगंज गंज से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया है. कुलदीप की पत्नी माधुरी पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष हैं. उन्हें जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने में राजा भैया के साथ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की भी भूमिका बताई जाती है. अब कुलदीप पटेल को विश्वनाथगंज से टिकट देकर राजा भैया ने अपना दल (एस) के मौजूदा विधायक के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है.

यह भी पढ़ें: आजम खान की रिहाई की वजह का खुलासा कब होगा? AIMIM नेता ने बताई तारीख

2024 में शुरू हुई थी सियासी तकरार

राजा भैया और अनुप्रिया पटेल के बीच सियासी टकराव की शुरुआत 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान हुई थी. उस समय मिर्जापुर में अनुप्रिया पटेल बीजेपी प्रत्याशी विनोद सोनकर के समर्थन में प्रचार करने पहुंची थीं. इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के पुष्पेंद्र सरोज भी मैदान में थे. राजा भैया ने सीधे तौर पर किसी पार्टी के पक्ष में अपील करने के बजाय अपने कार्यकर्ताओं से कहा था कि वे खुद तय करें कि किसे वोट देना है. इसके बाद उनके समर्थकों का रुझान सपा की ओर बताया गया था.

इसी चुनाव के दौरान अनुप्रिया पटेल ने एक जनसभा में राजा भैया पर निशाना साधते हुए कहा था कि 'अब राजा किसी रानी के पेट से पैदा नहीं होता, बल्कि ईवीएम के जरिए चुना जाता है.' उन्होंने कहा था कि 'अब मतदाता ही सबसे ताकतवर है और वही किसी को राजा या रंक बना सकता है.'

अनुप्रिया पटेल के इस बयान के बाद विवाद बढ़ गया था. राजा भैया ने इसे व्यक्तिगत तौर पर लिया और मिर्जापुर में उनके खिलाफ प्रचार करने पहुंच गए थे. इस चुनाव में मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल के समर्थक की जीत हुई, जबकि प्रतापगढ़ के पास स्थित कौशांबी लोकसभा सीट पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा और समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की. अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों नेताओं के बीच यह मुकाबला फिर चर्चा में है.

यह भी पढ़ें: इमरान मसूद के बाद एक और कांग्रेस सांसद ने कर दी बगावत! राकेश राठौर ने प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पर उठाए सवाल

सर्वे में पूर्वांचल की सात सीटों का क्या है गणित?

प्रतापगढ़ की सात विधानसभा सीटों को लेकर स्कोर का सर्वे सामने आया है. इसमें किस सीट पर किसकी मजबूती कितनी है, इसको लेकर स्थिति साफ हो गई है. सर्वे के मुताबिक बीजेपी एक सीट पर, समाजवादी पार्टी तीन सीटों पर, कांग्रेस एक सीट पर और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक दो सीटों पर बढ़त बनाती नजर आ रही है. राजा भैया की पार्टी जिन दो सीटों पर आगे दिखाई गई है, उनमें कुंडा और बाबागंज शामिल हैं.

विश्वनाथगंज सीट पर सर्वे के आंकड़े अपना दल (एस) के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं. यहां मौजूदा विधायक जीतलाल पटेल की पार्टी को सपा के मुकाबले पीछे दिखाया गया है.

यह भी पढ़ें: आजम खान की रिहाई की वजह का खुलासा कब होगा? AIMIM नेता ने बताई तारीख

विश्वनाथगंज में सपा को बढ़त

सर्वे के अनुसार अगर अभी विधानसभा चुनाव होते हैं तो विश्वनाथगंज सीट पर समाजवादी पार्टी को करीब 45.83 फीसदी वोट मिल सकते हैं. वहीं अपना दल (एस) को 30.82 फीसदी वोट मिलने का अनुमान जताया गया है. सर्वे में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की स्थिति मजबूत नजर नहीं आ रही है.

ऐसे में राजा भैया की पार्टी की ओर से कुलदीप पटेल को टिकट दिए जाने के बाद इस सीट का मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है. सर्वे में सपा को बढ़त मिलने के बावजूद यह देखना होगा कि चुनाव के दौरान उम्मीदवारों और पार्टियों के बीच मुकाबला किस दिशा में जाता है.

यह भी पढ़ें: इमरान मसूद के बाद एक और कांग्रेस सांसद ने कर दी बगावत! राकेश राठौर ने प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पर उठाए सवाल

कुंडा और बाबागंज में कांटे की टक्कर

राजा भैया की अपनी परंपरागत सीट कुंडा पर भी सर्वे में मुकाबला काफी करीबी बताया गया है. यहां बीजेपी को 28.31 फीसदी, समाजवादी पार्टी को 28.86 फीसदी और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 29.91 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. तीनों पार्टियों के बीच वोटों का अंतर बहुत कम है. जनसत्ता दल लोकतांत्रिक और सपा के बीच करीब एक फीसदी का अंतर है.

वहीं बाबागंज विधानसभा सीट पर भी मुकाबला आसान नजर नहीं आ रहा है. यहां जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के मौजूदा विधायक विनोद सरोज को सर्वे में कड़ी चुनौती मिलती दिखाई गई है. आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी को 29.01 फीसदी, सपा को 29.56 फीसदी और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 30.61 फीसदी वोट मिल सकते हैं.

इस तरह कुंडा और बाबागंज दोनों सीटों पर राजा भैया की पार्टी मामूली बढ़त के साथ आगे दिखाई गई है. हालांकि तीनों पार्टियों के बीच वोटों का अंतर काफी कम है.

यह भी पढ़ें: आजम खान की रिहाई की वजह का खुलासा कब होगा? AIMIM नेता ने बताई तारीख

ठाकुर बनाम कुर्मी की सियासत?

राजा भैया और अनुप्रिया पटेल के बीच जारी इस सियासी टकराव को अब ठाकुर बनाम कुर्मी की राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई बयानबाजी अब विधानसभा चुनाव से पहले फिर चर्चा में है.

विश्वनाथगंज में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के उम्मीदवार की घोषणा के बाद अपना दल (एस) के सामने अपनी सीट बचाने की चुनौती होगी. वहीं सर्वे में इस सीट पर सपा को बढ़त दिखाई गई है. ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि राजा भैया की पार्टी के मैदान में उतरने से अपना दल (एस) को नुकसान होगा या फिर सपा के वोटों पर इसका असर पड़ेगा.

फिलहाल प्रतापगढ़ की तीन सीटों पर घोषित उम्मीदवारों और सर्वे के आंकड़ों ने 2027 के चुनाव से पहले सियासी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. अब देखना होगा कि राजा भैया और अनुप्रिया पटेल के बीच यह पुरानी लड़ाई आने वाले चुनाव में क्या नया मोड़ लेती है.

यह भी पढ़ें: इमरान मसूद के बाद एक और कांग्रेस सांसद ने कर दी बगावत! राकेश राठौर ने प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पर उठाए सवाल