लेटेस्ट न्यूज़

'सीटों का फैसला सांसद-विधायक नहीं करेंगे', सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की इमरान मसूद को दो टूक

'सीटों का फैसला सांसद-विधायक नहीं करेंगे', सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की इमरान मसूद को दो टूक

ADVERTISEMENT

यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तकरार बढ़ती जा रही है. सहारनपुर की सीटों पर इमरान मसूद की नाराजगी के बाद सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जवाब देते हुए कहा कि सीटों का फैसला कोई सांसद या विधायक नहीं, बल्कि दोनों दलों का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है. दोनों दलों के बीच दो दौर की बैठक होने के बावजूद अभी तक सीटों पर बात नहीं बन पाई है. इसी बीच सपा द्वारा सहारनपुर की दो सीटों पर प्रत्याशी उतारने और बिना सीट शेयरिंग तय हुए अपना घोषणापत्र जारी करने से यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद बेहद नाराज हैं. इमरान मसूद ने दो टूक कहा है कि गठबंधन में सहयोगी होते हैं, भिखारी नहीं और कांग्रेस भीख नहीं मांग रही है. अब मसूद की इस नाराजगी पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने साफ कर दिया है कि सीटों का फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा, न कि कोई सांसद या विधायक.

सहारनपुर की सीटों पर इमरान नाराज

सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत अभी अटकी ही थी कि समाजवादी पार्टी ने अपने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी. इस सूची में इमरान मसूद के गढ़ सहारनपुर की दो विधानसभा सीटें, बेहट और सहारनपुर भी शामिल हैं. इसके अलावा सपा ने बिना सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला हुए अपना मेनिफेस्टो भी जारी कर दिया, जिससे इमरान मसूद भड़क गए. मसूद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे लोग कौन होते हैं यह तय करने वाले कि हम कहां मजबूत हैं और कहां नहीं. एक तरफ दावा किया जा रहा है कि सपा कांग्रेस को 26 सीटें ऑफर कर रही है, लेकिन कांग्रेस इस पर राजी नहीं है.

सपा अध्यक्ष श्यामलाल पाल का पलटवार

इमरान मसूद की तीखी बयानबाजी के बाद अब समाजवादी पार्टी के यूपी अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने पार्टी का रुख साफ किया है. कांग्रेस द्वारा 100 से ज्यादा सीटों की मांग किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी की ऐसी कोई मांग नहीं है. श्यामलाल पाल ने स्पष्ट कहा कि इंडिया गठबंधन का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी को हटाना है और जो जहां से जीतने के लायक होगा, वह वहीं से चुनाव लड़ेगा. इमरान मसूद का नाम लिए बिना उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि सीट शेयरिंग का फैसला दोनों पार्टियों का राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा, न कि पार्टी का कोई नीचे स्तर का पदाधिकारी, विधायक या सांसद तय कर पाएगा कि कौन कहां से लड़ेगा.

खड़गे की नसीहत पर सियासी घमासान

दूसरी तरफ, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक बयान भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि जीत पक्की करने के लिए सबको मिलकर लड़ना होगा और किसी को भी अहंकार की बात नहीं करनी चाहिए, चाहे वह हमारी पार्टी हो या गठबंधन की कोई दूसरी पार्टी. खड़गे की इस नसीहत को इमरान मसूद से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन मसूद का कहना है कि यह अहंकार वाली बात उनके लिए नहीं बल्कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए कही गई है. इस बीच इरा हसन ने भी इमरान मसूद पर कई सवाल उठाए हैं. अब दो दौर की बैठकों के बाद भी मामला नहीं सुलझा है और आगे गठबंधन में क्या फैसला होता है, यह तो वक्त ही बताएगा.

यह भी पढ़ें: इमरान मसूद की नाराजगी के बीच कांग्रेस आलाकमान का बड़ा दांव, उसी सहारनपुर से कैंपेन शुरू करेंगे राहुल गांधी जहां सपा ने उतारे प्रत्याशी