बेटे असद के एनकाउंटर की खबर सुनते ही फूट-फूटकर रोते हुए अतीक ने कही ये बात, जानें

यूपी एसटीएफ ने गुरुवार को झांसी में माफिया अतीक अहमद के बेटे असद और उसके साथी गुलाम को एनकाउंटर में ढेर कर दिया. बेटे असद…

UP Tak
Google CTA

यूपी एसटीएफ ने गुरुवार को झांसी में माफिया अतीक अहमद के बेटे असद और उसके साथी गुलाम को एनकाउंटर में ढेर कर दिया. बेटे असद की मौत के बाद अतीक अहमद एकदम टूट गया है. बता दें कि जब अतीक पेशी के लिए कोर्ट परिसर में था तभी अतीक को उसके बेटे असद के एनकाउंटर की सूचना मिली.

यह भी पढ़ें...

सूत्रों के मुताबिक, बेटे की मौत की खबर के बाद कोर्ट परिसर में ही अतीक फूट-फूट कर रो पड़ा. अतीक के चेहरे पर बेटे की मौत का दुख साफ नजर आया. इस दौरान कोर्ट परिसर में मौजूद भाई अशरफ से अतीक ने अपना दुख जाहिर किया.

‘सब मेरी वजह से हुआ’

सूत्रों के मुताबिक, अतीक अहमद ने अपने भाई अशरफ से कहा कि ‘यह सब मेरी वजह से हुआ है, कभी नहीं सोचा था कि ये दिन देखना पड़ेगा. अब तुम्हें परिवार का ख्याल रखना है.’

ये भी पढ़ें- कौन हैं UP STF के वे 2 अफसर, जिन्होंने अतीक के बेटे असद का एनकाउंटर करने वाली टीम को किया लीड

‘असद की मिट्टी में जाना चाहता हूं’

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अतीक ने इस दौरान बेटे असद की मिट्टी में जाने की बात कही. अतीक अहमद ने नैनी जेल जाते समय कहा कि ये सब कुछ उसकी वजह से हुआ है. वह असद की मिट्टी में जाना चाहता है. इसकी व्यवस्था कराई जाए.

अखिलेश ने बताया एनकाउंटर को झूठा

बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी पुलिस मुठभेड़ को झूठा करार दिया है. अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, “झूठे एनकाउंटर करके भाजपा सरकार सच्चे मुद्दों से ध्यान भटकाना चाह रही है. भाजपाई न्यायालय में विश्वास ही नहीं करते हैं. आज के व हालिया एनकाउंटरों की भी गहन जांच-पड़ताल हो व दोषियों को छोड़ा न जाए. सही-गलत के फ़ैसलों का अधिकार सत्ता का नहीं होता है. भाजपा भाईचारे के ख़िलाफ़ है.”

ये भी पढ़ें- बुल डॉग रिवॉल्वर, वॉल्थर पिस्टल! एनकाउंटर के वक्त अतीक के बेटे असद के पास थे ये हथियार

उमेश पाल हत्‍याकांड में थे वांछित

विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्‍यवस्‍था) प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रयागराज में उमेश पाल हत्‍याकांड में वांछित, पांच पांच लाख रूपये के इनामी असद और गुलाम की एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई.

उन्‍होंने बताया कि यूपी एसटीएफ की टीम में पुलिस उपाधीक्षक नवेंदु और विमल शामिल थे. उन्‍होंने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों के पास से अत्‍याधुनिक विदेशी हथियार बरामद किए गए हैं.

आपको बता दें कि यह मुठभेड़ उसी दिन हुई, जिस दिन गुजरात की साबरमती जेल से सड़क मार्ग से प्रयागराज ले जाए गए अतीक और उसके भाई अशरफ को उमेश पाल हत्याकांड के सिलसिले में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया.

ये भी पढ़ें- अतीक के बेटे असद के एनकाउंटर से पहले की कहानी, कहां-कहां छिपा, कैसे धराया, सब जानिए

गौरतलब है कि साल 2005 में बहुजन समाज पार्टी विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में प्रमुख गवाह रहे उमेश पाल और उसके दो सुरक्षा गार्ड की इस साल 24 फरवरी को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

उमेश पाल की पत्नी जया पाल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर 25 फरवरी को अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, असद सहित दो बेटों, शूटर गुड्डू मुस्लिम और गुलाम तथा नौ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.