अखिलेश बोले- ‘जो BJP वही कांग्रेस’, फिर SP-कांग्रेस के बीच शुरू हुआ ‘ट्विटर वॉर’

यूपी तक

• 04:56 AM • 31 Oct 2021

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से पहले राजनीतिक दलों के बीच वार-पलटवार का दौर लगातार जारी है. इसी क्रम में अब समाजवादी पार्टी (एसपी) और…

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से पहले राजनीतिक दलों के बीच वार-पलटवार का दौर लगातार जारी है. इसी क्रम में अब समाजवादी पार्टी (एसपी) और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं.

यह भी पढ़ें...

बता दें कि 30 अक्टूबर को एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा था कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बारे में समाजवादियों का यही मानना है कि जो कांग्रेस है, वही बीजेपी है और जो बीजेपी है, वही कांग्रेस है.

अखिलेश के इस बयान पर यूपी कांग्रेस ने एक तस्वीर ट्वीट कर कहा, ”काजू भुने प्लेट में, मिनरल वॉटर गिलास में, नकली समाजवाद उतरा है, योगी के आवास में. ईडी-आयकर से बचने के लिए संघर्ष करते हुए अखिलेश जी की एक शानदार तस्वीर.”

मगर बात यहीं खत्म नहीं हुई. कांग्रेस के इस ट्वीट पर एसपी प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने जवाब देते हुए कहा, ”राजनीतिक लड़ाई अपनी जगह है, मगर सियासत में भी शिष्टाचार मुलाकात होती है, आरोप लगाने से बेहतर है कि अपने गिरेबां में झांकिए कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में एसपी का स्तर आपसे कितना ऊंचा है.”

यूपी कांग्रेस ने भदौरिया के इस जवाब पर भी प्रतिक्रिया दी और ट्वीट कर कहा, ”शिष्टाचार? मुलायम सिंह जी ने मोदी जी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना की. अखिलेश जी ने आजम खान साहब की गिरफ्तारी पर एक शब्द नहीं बोला. अपने संसदीय क्षेत्र में जनता पर हुई हिंसा पर चुप रहे. जनता भी पूछ रही है कि अखिलेश ड्रॉइंग रूम से बाहर निकलकर संघर्ष करने कब आ रहे हैं?”

BSP के 6 और BJP के एक विधायक SP में शामिल, अखिलेश ने कसा तंज- मेरा परिवार, भागता परिवार