किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं, 2027 में अखिलेश ही बनेंगे CM... रामजी लाल सुमन ने सपा की ओर से किसे ललकार दिया?

सपा के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने पीएम मोदी के 'लूट की मशीन' वाले बयान पर तीखा पलटवार किया है. दादरी रैली से अखिलेश यादव को 2027 का मुख्यमंत्री बनाने का दावा.

यूपी तक

• 11:54 AM • 30 Mar 2026

follow google news

दादरी (गौतम बुद्ध नगर) में  समाजवादी पार्टी की 'भाईचारा समानता रैली' में राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने भविष्य की सियासी तस्वीर साफ की. उन्होंने कहा कि दादरी में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में योगी सरकार के खिलाफ 'जन-विद्रोह' की स्थिति है.

यह भी पढ़ें...

2027 का स्पष्ट संदेश: सत्ता परिवर्तन तय

रैली के उत्साह को देखते हुए रामजी लाल सुमन ने कहा कि यहां से आज एक बहुत ही स्पष्ट संदेश जा रहा है कि 2027 समाजवादी पार्टी का है. उन्होंने कहा कि लोग जिस उमंग के साथ इस रैली का हिस्सा बन रहे हैं, उससे यह निश्चित हो गया है कि जनता अब परिवर्तन के पक्ष में है और समाजवादी पार्टी को अपना पूरा समर्थन देगी.

पश्चिमी यूपी में 'कमजोरी' के दावों को नकारा

जब उनसे पूछा गया कि क्या सपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल के मुकाबले कमजोर है, तो उन्होंने दोटूक जवाब दिया. सुमन ने कहा, "ऐसा कुछ नहीं है. उत्तर प्रदेश के लिए पूरे पश्चिम या पूर्व का अलग मतलब नहीं है. सरकार के खिलाफ जो गुस्सा है, वह पूरे प्रदेश में है. समाज के सभी वर्गों का समर्थन हमें मिल रहा है और हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे."

प्रधानमंत्री के 'लूट की मशीन' वाले बयान पर पलटवार

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सपा सरकार को 'लूट की मशीन' बताने पर सांसद ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की गरिमा और प्रतिष्ठा को गिराया है. उन्हें इस बात का भान नहीं है कि किस मंच से क्या बोलना चाहिए. हमें किसी के सर्टिफिकेट की आवश्यकता नहीं है, हमारा प्रयास सकारात्मक है और हम अपनी जिम्मेदारी बखूबी जानते हैं."

चुनावी तैयारियों का 'शंखनाद'

रामजी लाल सुमन ने दादरी की इस रैली को चुनाव की तैयारियों का मुख्य हिस्सा बताया. उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि आज दादरी की धरती से यह संदेश पूरे प्रदेश में फैल जाएगा कि 2027 हमारा है और अखिलेश यादव ही उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे.