भरे सदन में चाचा शिवपाल को 'लठैत' बोलकर सीएम योगी ने ले ली मौज, खूब लगे ठहाके

CM Yogi on Shivpal: यूपी विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने शिवपाल यादव पर जमकर कटाक्ष किए. योगी ने शिवपाल को 'लठैत' बताते हुए कहा कि उन्होंने पुराने समाजवाद को अपने ढंग से चलाने का प्रयास किया.

यूपी तक

• 07:12 PM • 20 Feb 2026

follow google news

CM Yogi on Shivpal: उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए. बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए सीएम योगी ने विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखे कटाक्ष किए. इस दौरान उनके निशाने पर मुख्य रूप से सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव रहे.मुख्यमंत्री ने न केवल आंकड़ों के जरिए विपक्ष को घेरा बल्कि शिवपाल यादव को लठैत और चच्चू कहकर सदन में ठहाकों और नोकझोंक का माहौल बना दिया.

यह भी पढ़ें...

'पंडित जी आप पर भी आ गया चच्चू का प्रभाव'

मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय द्वारा दिए गए राजकोषीय घाटे के आंकड़ों को गलत बताते हुए कहा कि उन्हें आश्चर्य है कि उम्र के इस पड़ाव पर वह आंकड़ों में घालमेल कर रहे हैं. योगी ने चुटकी लेते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि कभी-कभी संगत का प्रभाव होता है. ऐसा लगता है कि  चच्चू (शिवपाल यादव) का प्रभाव अब आप पर भी आ गया है.' 

शिवपाल यादव को बताया 'लठैत'

पुरानी पीढ़ी के समाजवाद की चर्चा करते हुए सीएम योगी ने माता प्रसाद पांडेय को लोहिया और जेपी के आदर्शों वाला वरिष्ठ स्तंभ बताया. इसी दौरान उन्होंने पीछे बैठे शिवपाल यादव की ओर इशारा करते हुए कहा, 'पंडित जी आप उस पीढ़ी से हैं जिसने समाजवादी आंदोलन के अनुसार जीने का प्रयास किया. हां आपके पीछे शिवपाल जी जैसे कुछ 'लठैत' भी थे, जो उस आंदोलन को अपने तरीके से आगे बढ़ाने का प्रयास करते थे.' सीएम के इस 'लठैत' शब्द के इस्तेमाल पर सदन में हंसी के फव्वारे छूट गए.

पुरानी और नई पीढ़ी का अंतर

योगी आदित्यनाथ ने सदन में कहा कि माता प्रसाद पांडेय जैसे वरिष्ठ नेताओं ने संघर्ष किया. लेकिन आने वाली पीढ़ी (अखिलेश यादव की ओर इशारा) ने प्रदेश का हाल बेहाल कर दिया. उन्होंने तंज कसा कि समाजवाद अब केवल नारों तक सीमित रह गया है. जबकि धरातल पर अराजकता ही इसकी पहचान बनी थी.

अक्सर दिखती है ऐसी 'केमिस्ट्री'

यह पहली बार नहीं है जब योगी आदित्यनाथ ने शिवपाल यादव को 'चच्चू' कहकर संबोधित किया हो. सदन में अक्सर शिवपाल और योगी के बीच ऐसी हास-परिहास वाली नोकझोंक देखने को मिलती है. हालांकि, इस बार 'लठैत' शब्द का प्रयोग कर सीएम ने यह भी याद दिलाया कि सपा शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति क्या थी.