उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के कद्दावर प्रवक्ता राजकुमार भाटी के एक बयान ने भूचाल ला दिया है. ब्राह्मण समाज पर की गई टिप्पणी को लेकर जहां बीजेपी और बसपा हमलावर हैं.वहीं खुद सपा के भीतर भी विरोध के स्वर उठने लगे हैं. हालांकि राजकुमार भाटी ने इन तमाम विवादों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक)की आवाज दबाने की साजिश बताया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी जाति का अपमान करना नहीं बल्कि समाज में व्याप्त कुरीतियों का विरोध करना था.
ADVERTISEMENT
12 मिनट के भाषण से निकाली गई 7 सेकंड की क्लिप
राजकुमार भाटी ने बताया कि यह विवाद एक पुस्तक विमोचन के दौरान शुरू हुआ जिसका विषय ही 'जाति और सांप्रदायिकता' था. उन्होंने कहा "मैंने 12 मिनट का भाषण दिया जिसमें जातियों को लेकर समाज में बनी गलत कहावतों का विरोध किया था. विरोधियों ने उस भाषण से मात्र 7 सेकंड का हिस्सा काटकर वायरल कर दिया ताकि मुझे ब्राह्मण विरोधी दिखाया जा सके." भाटी ने जोर देकर कहा कि वे स्वयं सामंतवाद और मनुवाद के विरोधी हैं.लेकिन किसी भी जाति के प्रति उनके मन में द्वेष नहीं है.
अखिलेश यादव तक पहुंचेगी शिकायत
सपा नेता पवन पांडे और अमिताभ वाजपेई द्वारा की जा रही शिकायतों पर भाटी ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की समझ पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा, "अध्यक्ष जी बहुत गहरे समझ वाले व्यक्ति हैं। मैं उनसे मिलकर अपना पक्ष रखूंगा. जो लोग पार्टी छोड़ने का ड्रामा कर रहे हैं वे असल में पहले ही बीजेपी के संपर्क में थे और केवल बहाना ढूंढ रहे थे."
"रामभद्राचार्य और अवध ओझा पर गुस्सा क्यों नहीं आता?"
राजकुमार भाटी ने सवाल उठाया कि जब जगतगुरु रामभद्राचार्य ने कुछ ब्राह्मण उपजातियों को 'नीच' कहा या जब अवध ओझा और मोहन भागवत के बयान आए तब विरोध क्यों नहीं हुआ? उन्होंने आरोप लगाया, "मुझ पर प्रहार इसलिए हो रहा है क्योंकि मैं ओबीसी (OBC) समाज से आता हूं और समाजवादी पार्टी का प्रवक्ता हूं. मुझे कमजोर समझकर घेरा जा रहा है."
दादरी की रैली से बौखलाई बीजेपी
भाटी ने इस पूरे विवाद की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाल ही में दादरी में हुई उनकी विशाल रैली के बाद से बीजेपी के लोग डरे हुए हैं. इसी कारण उनके पुराने बयानों और क्लिप्स को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है. उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो सोशल मीडिया पर उन्हें और उनके परिवार को भद्दी गालियां दे रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT









