Akhilesh Yadav Bengal Visit: यूपी Tak का खास शो 'आज का यूपी' राज्य की राजनीतिक और सामाजिक हलचलों का एक सटीक दर्पण है. आज के अंक में हम उत्तर प्रदेश की तीन बड़ी खबरों का गहराई से विश्लेषण करेंगे, जिनमें सरकार की नई 'वन डिस्ट्रिक्ट वन फूड' योजना और उसमें नॉनवेज व्यंजनों की गैर-मौजूदगी पर उठा सवाल, बंगाल चुनाव के दौरान बीजेपी के बदलते रुख की उत्तर प्रदेश से तुलना, और ममता बनर्जी की हार के बाद अखिलेश यादव का कोलकाता दौरा और उनकी 'सांत्वना' भरी मुलाकात शामिल है.
ADVERTISEMENT
'वन डिस्ट्रिक्ट वन फूड' योजना, कबाब और बिरयानी सूची से बाहर
उत्तर प्रदेश सरकार ने 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' (ODOP) की तर्ज पर अब 'वन डिस्ट्रिक्ट वन फूड' (ODOF) योजना लॉन्च की है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य हर जिले के प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना और उसका प्रचार-प्रसार करना है. इस 'स्वाद के गुलदस्ते' में प्रदेश के 80 जिलों के लगभग 300 व्यंजनों को शामिल किया गया है.
हालांकि, इस योजना की सूची सामने आते ही एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. उत्तर प्रदेश, जिसकी लगभग 20% आबादी अल्पसंख्यक है और जहां की एक बड़ी आबादी नॉन-वेजिटेरियन है, वहां की इस सरकारी लिस्ट में एक भी नॉनवेज डिश को जगह नहीं मिली है.
- लखनऊ की पहचान: लखनऊ की पहचान दुनिया भर में टुंडे कबाब, गिलावटी कबाब और बिरयानी से है, लेकिन सरकारी लिस्ट में लखनऊ के लिए सिर्फ रेवड़ी, आम उत्पाद, चाट और मलाई-मक्खन को ही जगह मिली है.
- मुरादाबाद और रामपुर: मुरादाबाद की मशहूर 'मुरादाबादी बिरयानी' की जगह 'मुरादाबादी दाल' को शामिल किया गया है. इसी तरह रामपुर के 'तार कोरमा' को भी सूची से बाहर रखा गया है.
बंगाल में 'मछली' जायज, यूपी में 'कबाब' से परहेज?
अभी हाल ही में संपन्न हुए बंगाल चुनावों में जब ममता बनर्जी ने बीजेपी पर खान-पान पर पाबंदी लगाने का आरोप लगाया, तो बीजेपी के बड़े नेता वहां सार्वजनिक तौर पर मछली और मांस खाते नजर आए. वहां के उम्मीदवारों ने हाथ में मछली लेकर प्रचार किया ताकि यह नैरेटिव खत्म हो सके कि बीजेपी नॉनवेज की विरोधी है.
कोलकाता दौरा- अखिलेश ने बंधाया ममता बनर्जी का ढांढस
आज की तीसरी बड़ी खबर अखिलेश यादव के कोलकाता दौरे से जुड़ी है. पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ममता बनर्जी से मिलने पहुंचे. अखिलेश यादव का स्वागत ममता के आवास पर अभिषेक बनर्जी ने किया. मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने अभिषेक बनर्जी की पीठ थपथपाई और 'वेल फॉट' (शानदार लड़े) कहकर उनका उत्साह बढ़ाया.
ममता बनर्जी से मुलाकात के दौरान अखिलेश ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. जब ममता ने कहा कि वह हारी नहीं हैं, तो अखिलेश ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा, "आप हारी नहीं हैं, आप लड़ी बहुत अच्छा हैं." राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को इंडिया गठबंधन को दोबारा मजबूती देने और हार के बाद मनोबल बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.
पूरा शो यहां देखें
ADVERTISEMENT









