क्या अब 2027 के बाद होगी यूपी में पंचायत चुनाव की वोटिंग? मंत्री राजभर ने बताया सीएम योगी क्या चाहते हैं

UP Panchayat Election Update: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव टलने के प्रबल संकेत मिल रहे हैं. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोर्ट के फैसले का सम्मान करेंगे.

Panchayat Chunav Update

यूपी तक

29 Mar 2026 (अपडेटेड: 29 Mar 2026, 10:18 AM)

follow google news

UP Panchayat Election Update: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर चल रही उहापोह की स्थिति अब साफ होती नजर आ रही है. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के ताजा बयानों और सरकार की चुप्पी से यह संकेत मिल रहे हैं कि पंचायत चुनाव फिलहाल टल चुके हैं और इनके अब सीधे 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद होने की प्रबल संभावना है.

यह भी पढ़ें...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की क्या है राय?

पंचायत चुनाव को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्या चाहते हैं. ओम प्रकाश राजभर ने खुलासा किया कि इस मुद्दे पर उनकी मुख्यमंत्री से विस्तार से बात हुई है. राजभर के अनुसार, मुख्यमंत्री का मानना है कि चूंकि मामला अब अदालत (हाईकोर्ट) में है, इसलिए सरकार पूरी तरह से कोर्ट के निर्णय का सम्मान करेगी. कोर्ट जो भी निर्देश देगा, सरकार उसी के अनुरूप आगे बढ़ेगी.

राजभर के बयानों से स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री और सरकार फिलहाल चुनाव कराने के लिए बहुत अधिक उत्सुक या जल्दबाजी में नहीं दिख रहे हैं. सरकार ने अदालत में अपनी मजबूरियां (अधिकारियों की व्यस्तता आदि) साझा की हैं. मंत्री राजभर ने यह भी संकेत दिया कि मुख्यमंत्री को भरोसा है कि चुनाव चाहे अभी हों या विधानसभा चुनाव के बाद, जीत उनकी सरकार की ही होगी.

क्यों टल रहे हैं चुनाव?

रिपोर्ट के अनुसार, केवल सत्ता पक्ष ही नहीं बल्कि विपक्ष (सपा) भी फिलहाल इन चुनावों को टलवाना चाहता है. इसके पीछे मुख्य कारण अंदरूनी बगावत का डर है. विधानसभा चुनाव में अब महज 10-11 महीने बचे हैं. पार्टियों को डर है कि पंचायत चुनाव में टिकटों को लेकर गांव-गांव में आपसी मतभेद और बगावत शुरू हो जाएगी, जिसका सीधा नुकसान 2027 के मुख्य चुनाव में उठाना पड़ सकता है. बीजेपी और समाजवादी पार्टी, दोनों ने ही पंचायत चुनाव की तारीखों को लेकर पूरी तरह चुप्पी साध रखी है. कोई भी दल फिलहाल चुनाव के लिए दबाव नहीं बना रहा है.