Aaj Tak से बोले अमित शाह- पेट्रोल-डीजल, LPG की कमी नहीं, लॉकडाउन को लेकर कही ये बात

असम चुनाव के प्रचार के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा बयान- देश में लॉकडाउन लगने का कोई सवाल नहीं. पेट्रोल-डीजल और गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद. असम में 90+ सीटों के साथ जीत का दावा.

यूपी तक

29 Mar 2026 (अपडेटेड: 29 Mar 2026, 01:00 AM)

follow google news

असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुवाहाटी में रोड शो के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आजतक से खास बातचीत की. इस चर्चा में उन्होंने राज्य की राजनीतिक स्थिति, घुसपैठ और विकास के साथ-साथ देश में चर्चा का विषय बने लॉकडाउन और पेट्रोल की आपूर्ति पर सरकार का रुख स्पष्ट किया.

यह भी पढ़ें...

अमित शाह ने लॉकडाउन और पेट्रोल की स्थिति पर ये कहा

देश में व्याप्त भ्रम और चर्चाओं पर विराम लगाते हुए गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि देश में लॉकडाउन लगने का कोई सवाल ही नहीं है.  उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य है. हालांकि दुनिया भर में संकट के कारण भारत को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने पुख्ता व्यवस्था की है. अमित शाह ने ईंधन की आपूर्ति पर जोर देते हुए कहा, "देश में कहीं भी पेट्रोल, डीजल या रसोई गैस की किल्लत नहीं है. सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है और हमारे पास पर्याप्त मात्रा में भंडार मौजूद हैं."

'जनता ने दशकों तक कांग्रेस के शासन में आतंकवाद और उग्रवाद देखा'

असम में जीत के प्रति आश्वस्त दिख रहे शाह ने कहा कि जनता ने दशकों तक कांग्रेस के शासन में आतंकवाद और उग्रवाद देखा है, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है. उन्होंने बताया कि 10000 से ज्यादा युवा सरेंडर कर चुके हैं और सभी उग्रवादी समूहों के साथ समझौता हो चुका है. मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम नॉर्थ ईस्ट का हेल्थ और एजुकेशन हब बना है, जिससे युवाओं को रोजगार और महिलाओं को सुरक्षा मिल रही है. 

बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी: शाह

पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि वहां की जनता में तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ भारी गुस्सा है. उन्होंने एलान किया कि जिस तरह असम में घुसपैठ बंद हो चुकी है, वैसे ही बंगाल में भी इसे बंद किया जाएगा और घुसपैठियों को देश से बाहर निकाला जाएगा. उन्होंने बंगाल में भी भाजपा की सरकार बनने का दावा किया.

रोड शो के दौरान मिले अपार जनसमर्थन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जल्द ही असम और बंगाल के लिए अपना चुनावी मेनिफेस्टो जारी करेगी.

यहां देखें अमित शाह का बयान