कौन हैं अजय जायसवाल जिन्हें मायावती ने बनाया मऊ की घोसी सीट से बसपा उम्मीदवार?

उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 के लिए बसपा ने मऊ जिले की घोसी सीट से अजय जायसवाल को अपना प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया है. पूर्व भाजपा नेता अजय जायसवाल हाल ही में बसपा में शामिल हुए थे.

Photo: Ajay Jayaswal

Photo: Ajay Jayaswal

Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होती जा रही हैं. इसी क्रम में मऊ की घोसी विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अजय जायसवाल को अपना प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया है. कोपागंज स्थित एक निजी विद्यालय के मैदान में आयोजित कार्यकर्ता महासम्मेलन में आजमगढ़ मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा ने भारी भीड़ की मौजूदगी में उनके नाम की घोषणा की. इनपुट के मुताबिक, बसपा मऊ जिले की चार विधानसभा सीटों में से अब तक तीन पर अपने प्रभारी प्रत्याशी घोषित कर चुकी है.

यह भी पढ़ें...

भाजपा छोड़ करीब एक महीने पहले बसपा में आए थे अजय जायसवाल

अजय जायसवाल लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे थे. करीब एक महीने पहले उन्होंने भाजपा छोड़कर बसपा का दामन थामा था. इसके बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें घोसी विधानसभा सीट से प्रभारी प्रत्याशी बनाया है. अजय जायसवाल व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता हैं. वह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं और स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच काम करते रहे हैं.

अजय जायसवाल बोले- 10 साल से घोसी में कर रहा हूं समाज की सेवा

प्रभारी प्रत्याशी घोषित होने के बाद अजय जायसवाल ने अपने सामाजिक कार्यों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह पिछले 10 वर्षों से घोसी के घर-घर जाकर समाज की सेवा कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि शिक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है. उनके मुताबिक, वह हर साल जीके कंपटीशन कराकर 100 बच्चों को प्रोत्साहित करते हैं.

8 शव वाहन और बसों का भी किया जिक्र

अजय जायसवाल ने अपने सामाजिक कार्यों के बारे में बताते हुए कहा कि उनके पास 8 शव वाहन और बसें हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह हर साल कंबल बांटते हैं. इसके अलावा अजय जायसवाल ने दावा किया कि कुंभ के समय उन्होंने तीन दिन ट्रेन फ्री कराई थी और 17 हजार लोगों को अयोध्या धाम भेज चुके हैं. 

महासम्मेलन में मौजूद रहे बसपा के वरिष्ठ नेता

कोपागंज में आयोजित कार्यकर्ता महासम्मेलन में बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरएस राजभर समेत जिले के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम में बसपा के मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा ने कहा कि प्रदेश का सर्व समाज, दबे-कुचले और परेशान लोग मायावती को दोबारा मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार चुनाव में उनके सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है. 

'कमल और हाथी साथ हैं' वाले आरोप पर क्या बोले दिनेश चंद्रा?

सपा की ओर से लगाए जा रहे 'कमल और हाथी साथ हैं' के आरोप पर भी दिनेश चंद्रा ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सपा मुखिया का आधा परिवार खुद भारतीय जनता पार्टी में शामिल है, इसलिए समाजवादी पार्टी को पहले अपने परिवार की चिंता करनी चाहिए. चंद्रा ने कहा कि अजय जायसवाल के सामाजिक कार्यों और स्थानीय लोगों की इच्छा को देखते हुए मायावती ने उन्हें अपना आशीर्वाद देकर प्रत्याशी बनाया है.

ये भी पढ़ें: आकाश ही नहीं, बहन दीपिका भी रहेंगी दूर'... मायावती ने BSP संगठन और परिवार को लेकर लिया बड़ा फैसला, अब केवल ईशान को मौका