UP Political News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेरिकी-इजरायली हमलों के हिंद महासागर तक पहुंचने पर भाजपा सरकार की चुप्पी को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इसे सरकार-शून्यता का काल बताते हुए सवाल किया कि आखिर सरकार की क्या मजबूरी है जो इस गंभीर सुरक्षा मुद्दे पर विदेश और रक्षा मंत्रालय मौन हैं. वहीं, अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए आगामी संसद सत्र में विवादास्पद विषय उठा सकती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब देश की सीमाओं पर खतरा मंडरा रहा है, तब भाजपा सरकार ने जनता का भरोसा खो दिया है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने अपने X पोस्ट में कहा, "अमेरिकी-इजराइली हमलों का हमारी सरहदों के करीब, हिंद महासागर तक पहुंचना देशवासियों के लिए चिंता का विषय है और इन अर्थों में बेहद चिंतनीय भी कि इस गंभीर विषय पर भाजपा सरकार ने अभूतपूर्व चुप्पी साध रखी है. स्पष्ट किया जाए कि इसे ‘चुप्पी’ माना जाए या किसी विशेष भय के कारण इसे ‘घिग्घी बँधना’ माना जाए. भाजपा सरकार की ऐसी क्या मजबूरी है कि उनके होंठ किसी ने सिल दिये हैं. जनता पूछ रही है कि आपका कौन सा पत्ता दबा है?"
'देश में सरकार नाम की कोई चीज़ ही नहीं है'
उन्होंने आगे कहा, "एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा होने के नाते ये देश की सरकार, विदेश मंत्रालय डिफेंस मिनिस्टरी का संयुक्त दायित्व बनता है कि उसे अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए, परंतु कई दिनों की प्रतीक्षा के बाद भी सरकार द्वारा मुँह न खोलने पर, इस वैश्विक मुद्दे पर विपक्ष को मजबूर होकर बोलना पड़ रहा है. इस संकटकाल में सरकार आगे आए और देश की जल, थल, वायु सीमाओं की रक्षा सुनिश्चित करे. जो भाजपा सरकार कुछ कह भी नहीं रही है; वो करेगी क्या, ये सोचकर देशवासी परेशान हैं. भाजपा ने जनता का विश्वास खो दिया है. ऐसा लग रहा है कि देश में सरकार नाम की कोई चीज़ ही नहीं है."
'देश के लिए ये समय सरकार-शून्यता का काल है'
सपा मुखिया ने कहा, "भाजपा सरकार अपनी नाकामियों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अस्पष्ट नीति अपनाने का तरीक़ा ढूँढ रही है, जिससे लोग अटकलों में ही उलझे रहें. भाजपाई आगामी संसद सत्र में भी ऐसा कोई विवादास्पद विषय ज़रूर उठाएंगे, जिससे भाजपा सरकार की विफलताओं पर बात ही न हो सके. देश के लिए ये समय ‘सरकार-शून्यता’ का काल है."
ये भी पढ़ें: अयातुल्ला खामेनेई की मौत पर अब अखिलेश यादव ने दिया तीखा रिएक्शन, कही ये बात
ADVERTISEMENT









