ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रही जंग को लेकर अखिलेश यादव का आया पहला रिएक्शन, मोदी सरकार से ये सब पूछ लिया

UP News: ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रही जंग को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव का बयान सामने आया है. अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार से कई सवाल पूछे हैं.

UP News

यूपी तक

01 Mar 2026 (अपडेटेड: 01 Mar 2026, 04:51 PM)

follow google news

UP News:  ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनई की अमेरिका और इजरायल के हमले में मौत हो गई है. अयातुल्लाह अली खामेनई की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में इस समय हड़कंप मचा हुआ है. ईरान इजरायल समेत अरब के कई देशों में हमले कर रहा है. दूसरी तरफ अमेरिका और इजरायल भी ईरान पर लगातार बम बरसा रहे हैं. इसी बीच अब समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का इस युद्ध को लेकर बड़ा बयान सामने आया है.

यह भी पढ़ें...

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार से कहा है कि वह इस युद्ध को लेकर अपना रुख साफ करें. उन्होंने कहा है कि भारत सरकार साफ करें कि वह जंग के साथ है या अमन के साथ? 

अखिलेश यादव ने क्या-क्या कहा?

सोशल मीडिया X पर सपा चीफ अखिलेश यादव ने लिखा, किसी देश के सबसे खास से लेकर आम नागरिकों तक पर हो रहे जानलेवा हमलों व जंग के इन हालातों में हमारे देश की सरकार, इस अंतरराष्ट्रीय विषय पर अपना रुख़ साफ़ करे और बताए कि वो जंग के साथ है या अमन के और युद्ध को रोकने व शांति की बहाली के लिए एक तटस्थ देश होने के नाते क्या कूटनीतिक प्रयास कर रही है.

अखिलेश यादव ने आगे लिखा, हमारे देश की सरकार, हर संभव स्तर पर, युद्ध में मारे जाने वालों से जुड़ी ख़बरों की पुष्टि करे और सच क्या है ये जनता के सामने रखे. युद्ध कालीन समाचार अक्सर रणनीति का हिस्सा होते हैं, इसीलिए उनकी पुष्टि की ज़रूरत होती है.  इसके बाद सपा चीफ ने लिखा,  इंसान के साथ इंसानियत का मारा जाना बेहद अफसोसजनक है. हर देश को जिम्मेदाराना व्यवहार करना चाहिए.

आपको बता दें कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के हमले लगातार जारी हैं. दूसरी तरफ ईरान भी इजरायल पर लगातार मिसाइल अटैक कर रहा है. इस युद्ध में ईरान को भारी नुकसान हुआ है.  सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनई के साथ-साथ ईरान सेना के कई कमांडर, नेता और अधिकारी अभी तक मारे जा चुके हैं.