UP Political News: समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापकों में से एक आजम खान की कभी तूती बोलती थी. उनके गृह जनपद रामपुर में कभी उनकी मर्जी के बिना समाजवादी पार्टी में पत्ता भी नहीं हिलता था. लेकिन अब लगता है कि सपा ने उन्हें दरकिनार कर दिया है. मौजूदा वक्त में आजम खान जेल में हैं. इस बीच अखिलेश यादव ने बड़ा फेरबदल करते हुए बहुजन समाज पार्टी से आए पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह सागर को प्रदेश सचिव नियुक्त कर रामपुर की कमान सौंपी है. सियासी गलियारों में ऐसी चर्चा है कि इस फैसले से आजम खान नाराज बताए जा रहे हैं. इससे पहले आजम खान की सलाह के खिलाफ मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को लोकसभा चुनाव में रामपुर से सपा का टिकट देने पर आजम खान ने अखिलेश यादव से अपना विरोध जताया था.
ADVERTISEMENT
वहीं, मीडिया से रूबरू होकर नवनियुक्त प्रदेश सचिव सुरेंद्र सिंह सागर ने सपा को दलित हितैषी बताया है. उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी को बखूबी निभाने का भी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भरोसा दिलाया है.
'हम लोग भाईचारा बनाकर पीडीए को मजबूत करें'
समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश सचिव सुरेंद्र सिंह सागर नें मीडिया से बात करते हुए कहा 'सबसे पहले मैं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी का आभार व्यक्त करना चाहता हूं. उन्होंने मेरे ऊपर इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है. मुझ पर विश्वास जताया है. मेरा यह प्रयास रहेगा कि हम लोग भाईचारा बनाकर पीडीए को मजबूत करें और आने वाले 2027 के चुनाव में अधिक से अधिक जनादेश लाने के लिए संघर्ष करें. पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का प्रयास हमारे सभी पीडीए समाज के लोगों को करना चाहिए."
आजम खान का कद बहुत बड़ा है
आजम खान को लेकर हुए एक सवाल पर सुरेंद्र सिंह सागर ने कहा, "पूरा देश जानता है समाजवादी पार्टी का जब गठन हुआ था तो माननीय आजम खान साहब संस्थापक सदस्य रहे थे. माननीय मुलायम सिंह जी के साथ और आज भी संगठन में राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी है. उनका कद बहुत बड़ा है और समाजवादी पार्टी को उनकी आवश्यकता है. ऐसे में पूरा पीडीए समाज उनके लिए दुआ भी कर रहा है और कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी भी कर रहा है कि किसी तरह से उन्हें जिला कारागार से बाहर निकाला जाए.
ADVERTISEMENT









