IPS अजय पाल शर्मा को धमकी देने वाले रिजु दत्ता के अचानक बदले सुर, TMC ने उठाया बड़ा कदम

यूपी तक

10 May 2026 (अपडेटेड: 18 Jul 2026, 10:21 PM)

UP News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को धमकी देने वाले टीएमसी प्रवक्ता रिजु दत्ता ने अब उनसे बिना शर्त माफी मांग ली है.

Riju Dutta and Ajay Pal Sharma (File Photo)

Riju Dutta and Ajay Pal Sharma (File Photo)

Google CTA

UP News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को धमकी देने वाले टीएमसी प्रवक्ता रिजु दत्ता ने अब उनसे बिना शर्त माफी मांग ली है. इतना ही नहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भी उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है. रिजु दत्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी सफाई दी और माफी मांगी. रिजु दत्ता ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने आईपीएस अजय पाल शर्मा को लेकर जो वीडियो बनाया था, वह उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में पार्टी लाइन का पालन करते हुए बनाया था. उन्होंने कहा कि वह वीडियो टीएमसी मुख्यालय से बनाया गया था और पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से भी जारी किया गया था. रिजु दत्ता ने दावा किया कि यह कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं थी.

यह भी पढ़ें...

रिजु दत्ता ने बिना शर्त मांगी माफी

अपने पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि अब पार्टी ने उन्हें सच बोलने की वजह से निलंबित कर दिया है. वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं और समर्थकों का गुस्सा व्यक्तिगत रूप से उन पर आ रहा है. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेताओं और अपने कानूनी सलाहकार की सलाह पर वह आईपीएस अजय पाल शर्मा से बिना शर्त माफी मांगते हैं, भले ही वह टिप्पणी व्यक्तिगत नहीं थी. रिजु दत्ता ने यह भी लिखा कि अब वह एक सामान्य व्यक्ति के रूप में अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन जीना चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि यह मामला अब हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा.

क्या था पूरा विवाद?

दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान दक्षिण 24 परगना की फालता विधानसभा सीट पर तनाव का माहौल था. चुनाव आयोग ने यहां आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को पुलिस ऑब्जर्वर नियुक्त किया था. अजय पाल शर्मा ने टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के घर पहुंचकर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी और कहा था कि हिंसा या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसके बाद टीएमसी प्रवक्ता रिजु दत्ता ने एक वीडियो जारी कर बिना नाम लिए अजय पाल शर्मा पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था, 'हमारी नजर आप पर है, 4 मई के बाद बीजेपी नेता भी आपको नहीं बचा पाएंगे, हम आपको यूपी से बंगाल ले आएंगे.' इस बयान के बाद मामला काफी चर्चा में आ गया था.अब माफी और निलंबन के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है.