Shivpal Yadav On Keshav Maurya Statement: उत्तर प्रदेश विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों का प्रदर्शन लगातार जारी है. बुधवार को सपा विधायक अलग-अलग प्रतीकों के साथ प्रदर्शन करने पहुंचे. प्रदर्शन की अगुवाई शिवपाल सिंह यादव कर रहे हैं. सपा विधायक दान पात्र, खाद्य सामग्री और साइकिल लेकर पहुंचे. इस दौरान सपा विधायक जाहिद बेग के साथ पार्टी के संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव और पार्टी के सबसे कम हाइट वाले नेता बताए जा रहे चांद बाबू भी नजर आए. चांद बाबू ने कहा कि मुझ जैसे बौने व्यक्ति पर 6 फीट के आदमी को मारने का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
शिवपाल यादव ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने केशव प्रसाद मौर्य के हालिया बयान को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने एक सवाल पर कहा, 'आतंकी सब बीजेपी पालती है और उन्हीं के दफ्तरों में मिलते हैं ये आतंकवादी. बीजेपी इन्हें ट्रेनिंग देती है, इन्हीं के घरों और दफ्तरों में मिलते हैं.' बिहार में जीत के सवाल पर शिवपाल यादव ने दावा किया कि बीजेपी की हार शुरू हो गई है. उन्होंने कहा, '2027 में सपा बीजेपी का सफाया कर देगी.' अनुपूरक बजट से पहले सपा विधायकों का यह प्रदर्शन सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
फहीम इरफान ने क्या कहा?
सपा विधायक फहीम इरफान ने भी केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'जब इनके पास मुद्दे नहीं होते तो इस तरह के बयान देकर भटकना चाहते हैं, लोगों को बांटना चाहते हैं. मुस्लिम आज कांवड़ का स्वागत कर रहे हैं.' कामिल-फाजिल डिग्री के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि लोग अब गुमराह नहीं होंगे. बिहार के नतीजों को लेकर फहीम इरफान ने कहा, 'यह बस शुरुआत है. यूपी के चुनाव में बीजेपी साफ होने जा रही है.' सपा विधायकों के प्रदर्शन और नेताओं के इन बयानों के बीच विधानसभा के अनुपूरक बजट पर राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं.
शिवपाल के बयान पर शलभ मणि त्रिपाठी का पलटवार
बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने शिवपाल सिंह यादव के आतंकवाद को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा, 'यह जग जाहिर है कि 2017 से पहले कौन आतंकियों को छोड़ देता था.' बिहार चुनाव में बीजेपी की हार पर शलभ मणि त्रिपाठी ने इसे 'एक यूनिट टेस्ट' बताया. उन्होंने कहा, 'कुछ मुद्दे होंगे, उन पर काम किया जाएगा और एग्जाम में टॉप करेंगे.' वहीं, सपा विधायक अतुल प्रधान के दूध-पानी वाले प्रदर्शन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, 'आपको ओटीटी देखना हो तो घर पर न देखें, विधानसभा आ जाएं. एक से एक प्रोग्राम देखने को मिलेंगे.'
ADVERTISEMENT











