यूपी विधानसभा में दान पात्र लेकर पहुंचे सपा विधायक, तभी अतुल प्रधान ने कह दी 'बड़े नाम' वाली बात

यूपी तक

03 Aug 2026 (अपडेटेड: 03 Aug 2026, 12:21 PM)

UP Monsoon Session उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत विपक्ष के जोरदार हंगामे के साथ हुई. समाजवादी पार्टी के विधायकों ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी और NEET पेपर लीक के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा.

UP Tak
Google CTA

UP Vidhan Sabha Monsoon Session: आज उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत जबर्दस्त हंगामे के साथ हुई. जैसे कि अंदाजा था कि राम मंदिर चंदा चोरी और पेपर लीक को अगले विधानसभा सत्र में विपक्ष मुद्दा बनाएगा, ठीक वैसा ही हुआ. 

यह भी पढ़ें...

सपा विधायकों ने अयोध्या में चंदा चोरी का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. इस दौरान विधायक परिसर में लोगों से प्रतीकात्मक रूप से दान मांगते हुए भी दिखाई दिए.

'बड़ी मछलियां अभी भी फरार हैं' - अतुल प्रधान का तीखा हमला

प्रदर्शन के दौरान सपा विधायक अतुल प्रधान ने सरकार पर सीधे-सीधे लीपापोती करने का आरोप लगाया. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, 

"अयोध्या मामले में सिर्फ छोटी मछलियों को पकड़कर खानापूर्ति कर दी गई है, जबकि असली खेल रचने वाले बड़े नाम अब भी खुले घूम रहे हैं और पुलिस की पहुंच से बाहर हैं."

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सपा का यह दांव सीधे तौर पर बीजेपी के उस कैडर और वोटर बैंक पर निशाना साधने की कोशिश है, जो अयोध्या विकास परियोजना को बीजेपी की साख से जोड़कर देखता है.

अमिताभ बाजपेई ने भी भाजपा को घेरा 

कानपुर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई अयोध्या में चढ़ावा चोरी से जुड़े मुद्दों का कट-आउट हाथ में लेकर विधानसभा पहुंचे. अमिताभ बाजपेई ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ भगवान राम और अयोध्या मंदिर के नाम पर राजनीति करना जानती है.

बाजपेई ने आरोप लगाया कि अयोध्या में विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर जमीनों का घोटाला किया गया. कहा कि अब मंदिर के चढ़ावे में भी चोरी का खेल सामने आ रहा है. सपा विधायक ने कहा कि भाजपा न तो राम की सच्ची भक्त है और न ही सनातनी परंपराओं की. अब जनता इनका असली चेहरा पहचान चुकी है.

NEET के मुद्दे पर भी गरमाया माहौल

विधानसभा के बाहर सिर्फ राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा नहीं गूंजा, बल्कि सपा विधायकों ने छात्रों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और खूब नारे लगाए. NEET परीक्षा में हुई धांधलियों और यूपी की अटकी पड़ी सरकारी भर्तियों को लेकर विधायकों ने जमकर नारेबाजी की.