Dimple Yadav: लोकसभा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा पर महिलाओं और युवाओं को लेकर बड़ा हमला बोला है. संसद परिसर के बाहर पत्रकार मौसमी सिंह से बातचीत में उन्होंने राम मंदिर चंदा विवाद, छात्राओं को कथित धमकियां और बृजभूषण शरण सिंह मामले समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी.
ADVERTISEMENT
डिंपल यादव ने दावा किया कि राम मंदिर के लिए लोगों ने श्रद्धा और विश्वास के साथ दान दिया था, इसलिए अगर चंदे को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो उनका जवाब भी मिलना चाहिए. वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं और बेटियों को निशाना बनाया जा रहा है और भाजपा से जुड़े संगठन अपनी विचारधारा थोपने की कोशिश कर रहे हैं.
राम मंदिर चंदा विवाद पर क्या बोलीं डिंपल यादव?
डिंपल यादव ने कहा कि राम मंदिर चंदा का मुद्दा लोगों की आस्था और समर्पण से जुड़ा हुआ है. उनके मुताबिक, जब श्रद्धा से जुड़े किसी विषय पर सवाल उठते हैं तो स्वाभाविक तौर पर लोग जवाब मांगते हैं.
उन्होंने कहा, "सवाल चंदे का है, सवाल दान का है. जिन्होंने अपनी श्रद्धा से दान दिया, वे जानना चाहते हैं कि आखिर पैसा कहां गया और इसकी जिम्मेदारी किसकी है. ट्रस्ट के लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? ट्रस्ट किसने बनाया और उसकी नियमावली क्या थी?"
डिंपल यादव ने कहा कि अगर दान की रकम में गड़बड़ी हुई है तो उसकी जिम्मेदारी भाजपा की है.
छात्राओं को धमकियों के आरोप पर क्या कहा?
छात्रों के विरोध प्रदर्शन और कुछ महिला छात्राओं को कथित तौर पर सोशल मीडिया पर धमकियां मिलने के सवाल पर डिंपल यादव ने कहा कि ये बेहद निंदनीय है.
उन्होंने कहा कि सिर्फ छात्राएं ही नहीं, बल्कि कई महिला पत्रकारों को भी समाज से जुड़े मुद्दे उठाने पर गालियां और रेप की धमकियां मिलती रही हैं. उनके मुताबिक, देश की बेटियों को इस तरह निशाना बनाया जाना गलत है.
डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के समर्थक और उससे जुड़े संगठन महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं और ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं. साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर सामने आ रहे कुछ वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि कम उम्र की लड़कियों से माफी मंगवाने जैसी घटनाओं की भी जांच होनी चाहिए और यह देखा जाना चाहिए कि इसके पीछे कौन लोग हैं.
बृजभूषण शरण सिंह पर कोर्ट के फैसले पर क्या बोलीं?
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों के यौन शोषण से जुड़े मामले में अदालत से मिली राहत पर भी डिंपल यादव से सवाल किया गया.
उन्होंने कहा कि मामला अदालत में था और कोर्ट की प्रक्रिया के तहत फैसला आया है. अगर पहलवान इस फैसले को चुनौती देना चाहें तो वे ऊपरी अदालत का रुख कर सकते हैं.
'महिलाओं पर विचारधारा थोपना चाहती है बीजेपी'
बातचीत के दौरान डिंपल यादव ने भाजपा पर बड़ा राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी और उससे जुड़े संगठन महिलाओं की जीवनशैली पर अपनी सोच थोपना चाहते हैं.
उन्होंने कहा, "भाजपा और उससे जुड़े संगठन महिलाओं को अपनी विचारधारा से चलाना चाहते हैं. वे तय करना चाहते हैं कि महिलाएं क्या पहनें, क्या खाएं और किसके साथ रहें. लेकिन युवाओं ने इस सोच को चुनौती दी है, इसलिए अब बेटियों को टारगेट बनाया जा रहा है. इससे उनकी सोच का पता चलता है."
ADVERTISEMENT











