यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा ने जारी की पहली लिस्ट, इन 5 प्रत्याशियों के नाम का कर दिया ऐलान

आशीष श्रीवास्तव

25 Nov 2026 (अपडेटेड: 25 Nov 2026, 08:37 AM)

2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा ने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सियासी हलचल बढ़ा दी है. अखिलेश यादव ने किन चेहरों पर भरोसा जताया है और किस सीट से किसे टिकट मिला, जानिए पूरी लिस्ट और उम्मीदवारों का राजनीतिक सफर.

SP Candidate List

SP Candidate List

Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने चुनावी बिगुल फूंकते हुए अपने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा 'होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान' के नारे के साथ जारी इस सूची में सहारनपुर की दो, शामली, अमरोहा और ललितपुर की एक-एक विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है. कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर जारी मंथन के बीच प्रत्याशियों की इस घोषणा ने प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है.

यह भी पढ़ें...

किसे कहां से मिला टिकट?

समाजवादी पार्टी की ओर से जारी सूची में चार मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया गया है. जबकि बुंदेलखंड की ललितपुर सीट से महिला चेहरे को मैदान में उतारा गया है.

बेहट (सहारनपुर): उमर अली खान

सहारनपुर देहात (सहारनपुर): आशु मलिक

कैराना (शामली): नाहिद हसन

अमरोहा : महबूब अली

ललितपुर सदर (ललितपुर): ज्योति सिंह लोधी

कौन है उमर अली खान 

सहारनपुर की 01 बेहट विधानसभा सीट से मौजूदा सपा विधायक उमर अली खान पर पार्टी ने लगातार दूसरी बार भरोसा जताया है. 23 अप्रैल 1977 को जन्मे और कंची गांव निवासी उमर अली खान ने बीए और एमबीए की शिक्षा प्राप्त की है. वे 2012 से 2018 तक उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के सदस्य भी रहे. 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के नरेश सैनी को हराकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था.

कौन हैं आशु मलिक 

सहारनपुर की 04 सहारनपुर देहात सीट से मौजूदा विधायक आशु मलिक को पार्टी ने फिर से प्रत्याशी बनाया है. मुजफ्फरनगर में जन्मे करीब 44 वर्षीय आशु मलिक 2015 से 2021 तक विधान परिषद सदस्य (MLC) रहे हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर वे पहली बार विधायक बने और वर्तमान में 18वीं विधानसभा के सदस्य हैं.

कौन हैं नाहिद हसन 

शामली जिले की कैराना विधानसभा सीट से सपा ने अपने तीन बार के विधायक नाहिद हसन को एक बार फिर मैदान में उतारा है. नाहिद हसन ने 2014 के उपचुनाव में जीत हासिल कर पहली बार विधानसभा में कदम रखा था और इसके बाद 2017 तथा 2022 के चुनावों में भी लगातार जीत दर्ज की. उनकी बहन इकरा चौधरी कैराना से लोकसभा सांसद हैं.

कौन हैं महबूब अली  

अमरोहा विधानसभा (सीट संख्या 41) से वरिष्ठ सपा नेता महबूब अली को पार्टी ने फिर से टिकट दिया है. 4 अप्रैल 1953 को जन्मे 73 वर्षीय महबूब अली अब तक 7 चुनाव लड़कर 6 बार विधायक चुने जा चुके हैं. 1985 में कोऑपरेटिव डेयरी चेयरमैन से सियासी सफर शुरू करने वाले महबूब अली 1993 में पहली बार कांठ से विधायक बने. इसके बाद 2002, 2007, 2012, 2017 और 2022 में उन्होंने अमरोहा से लगातार पांच बार जीत दर्ज की (2022 में उन्होंने भाजपा के राम सिंह को 71,036 वोटों से हराया). वे पूर्व में रेशम, वस्त्र, माध्यमिक शिक्षा और लघु सिंचाई जैसे विभागों के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में लोक लेखा समिति के अध्यक्ष हैं.  2022 के चुनावी हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 7.86 करोड़ रुपये (देनदारी 33.3 लाख) और एक लंबित आपराधिक मामला दर्ज है.

कौन हैं ज्योति सिंह लोधी 

बुंदेलखंड की ललितपुर सदर (226) सीट से सपा ने ज्योति सिंह लोधी को प्रत्याशी घोषित किया है. ललितपुर के जखौरा निवासी ज्योति लोधी वर्ष 2003 से सपा से जुड़ी हैं. वे दो बार जिला पंचायत सदस्य और सपा की जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं. 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर लड़ते हुए उन्होंने 88,687 वोट हासिल किए थे और दूसरे स्थान पर रही थीं. स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से कुशवाहा बाहुल्य मानी जाने वाली इस सीट पर लोधी मतदाताओं की बड़ी संख्या को देखते हुए पार्टी ने उन पर दांव लगाया है.
 

ये भी पढ़ें: आजम खान के खंजर वाले बयान पर चंद्रशेखर ने तोड़ी चुप्पी, बोले- कुछ तो मजबूरियां रही होंगी