मुस्लिम बाहुल्य पनियारा में आज तक नहीं खुला सपा का खाता? जानें जातीय समीकरण, विकास के दावे और सियासी गणित

यूपी चुनाव 2027 से पहले महराजगंज की पनियारा सीट पर सियासी मुकाबले की चर्चा तेज है. भाजपा के सामने कब्जा बरकरार रखने की चुनौती है, तो सपा पहली जीत की तलाश में है. विकास के दावे, खराब सड़कें और जातीय समीकरण चुनावी तस्वीर कैसे बदलेंगे?

Yogi and Akhilesh

Yogi and Akhilesh

Google CTA

पूर्वांचल की सियासत में अहम मानी जाने वाली महराजगंज की पनियारा विधानसभा सीट पर चुनावी हलचल तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह की कर्मस्थली रही इस सीट पर 2017 और 2022 से भाजपा का कब्जा है. जबकि सपा आज तक यहां खाता नहीं खोल सकी है. आगामी चुनाव को लेकर सत्तापक्ष अपने विकास कार्यों का दावा कर रहा है.वहीं विपक्ष सड़कों, शिक्षा और तहसील जैसे मुद्दों पर सरकार को घेर रहा है.

यह भी पढ़ें...

सीट का इतिहास और जातीय समीकरण

आजादी के बाद कांग्रेस ने पनियारा सीट से सात बार जीत दर्ज की. लेकिन 1996 के बाद से पार्टी यहां जीत के लिए तरस रही है. 2002 में भाजपा के टिकट पर फतेह बहादुर सिंह जीते और 2007 में बसपा के टिकट पर दोबारा चुने गए. 2012 में बसपा के देव नारायण सिंह विजयी रहे. जबकि 2017 और 2022 में भाजपा के ज्ञानेंद्र सिंह ने लगातार जीत हासिल की.

मुस्लिम बाहुल्य ‘42 गावा’ क्षेत्र का बड़ा हिस्सा इसी विधानसभा में आता है. फिर भी सपा को यहां पहली जीत का इंतजार है. पनियारा में कुल 2,92,381 मतदाता हैं जिनमें विभिन्न वर्गों का अनुमानित आंकड़ा इस प्रकार है.

सैंथवार: लगभग 46,780

निषाद: लगभग 42,300

अनुसूचित जाति: लगभग 41,000

यादव: लगभग 29,200

ब्राह्मण: लगभग 29,200

कुर्मी: लगभग 24,800

अन्य पिछड़ी जातियां: लगभग 23,000

ठाकुर: लगभग 14,000

मौर्य-कुशवाहा: लगभग 11,600

विकास कार्यों के दावे बनाम जमीनी मुद्दे

मौजूदा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह का दावा है कि उन्होंने जनता के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश की है और क्षेत्र में बड़े विकास कार्य कराए गए हैं. उनके अनुसार  2025-26 में पनियारा विधानसभा के लिए 1 अरब 89 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं. इनमें 64 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से फुटा बेलटिकरा मार्ग, 24 करोड़ रुपये से भुवाना पकडियार मार्ग, छोटी गंडक नदी पर 23 करोड़ रुपये का पुल, जरदी डोमरा बांध पर करीब 25 करोड़ रुपये से 22 किलोमीटर सोलिंग का काम तथा नया बिजली सब स्टेशन शामिल हैं.

दूसरी ओर विपक्षी खेमे से सपा के दावेदार ने डबल इंजन सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि पनियारा को तहसील बनाने, तकनीकी विद्यालय खोलने और सड़कों को दुरुस्त करने के वादे अधूरे हैं. उन्होंने जखीरा से पकड़िया-मेदनीपुर, रजवाड़ा-चौमुखा, मुजोरी-हरकपुरा और मेदनीपुर-भगौना मार्गों की खराब स्थिति का हवाला देते हुए क्षेत्र में विकास की कमी का आरोप लगाया और 2010 से जनता के बीच सक्रिय रहने का दावा किया.

स्थानीय पत्रकारों का आकलन

स्थानीय पत्रकारों के मुताबिक, पनियारा में भाजपा और सपा गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला दिख रहा है.हालांकि दावेदारों की सक्रियता से स्थिति रोचक बनी हुई है. भाजपा में वर्तमान विधायक के अलावा पूर्व विधायक जीएम सिंह भी टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं. पत्रकारों का मानना है कि क्षेत्र में सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली और विकास के जमीनी हालात अहम मुद्दे हैं. जबकि पीडीए (PDA) समीकरण के तहत प्रत्याशी उतरने पर मुकाबला और कड़ा हो सकता है.

ये भी पढ़ें: आजम खान के हमलों के बीच आ गया ओवैसी का तगड़ा जवाब, बोले-हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा