कांग्रेस ने सपा से मैनपुरी की इन दो सीटों की कर दी मांग, सीट शेयरिंग की खींचतान हो गई शुरू

पुष्पेंद्र सिंह

• 10:21 AM • 24 Nov 2026

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस ने मैनपुरी सदर और भोगांव सीटों पर दावा ठोककर सपा से बड़ा दिल दिखाने की मांग की है. अब अखिलेश यादव क्या फैसला लेते हैं, इस पर नजरें टिकी हैं.

Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav

Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav

Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है. कांग्रेस ने मैनपुरी जिले की मैनपुरी सदर और भोगांव विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है. सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने सीट शेयरिंग के साथ-साथ संगठन की मजबूती और आगामी संविधान रक्षा मार्च को लेकर अपनी रणनीति साफ की.

यह भी पढ़ें...

सीट बंटवारे पर ‘बड़े दिल’ की मांग

मैनपुरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान ने गठबंधन के पुराने समझौते का हवाला देते हुए सपा से हिस्सेदारी मांगी. उन्होंने कहा कि जैसे अमेठी और रायबरेली में सपा कांग्रेस के लिए सीटें छोड़ती है, वैसे ही मैनपुरी और कन्नौज में भी कांग्रेस को चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए. प्रकाश प्रधान ने स्पष्ट किया कि सीट बंटवारे को लेकर पार्टी हाईकमान का फैसला सभी को मान्य होगा. लेकिन स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भावना है कि समाजवादी पार्टी को बड़ा दिल दिखाना चाहिए. हालांकि इस मांग पर सपा की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

जमीनी संगठन का ब्योरा

सीटों की दावेदारी के साथ जिला अध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने जिले में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों का ब्योरा भी रखा. उन्होंने बताया कि मैनपुरी में 9 ब्लॉक कमेटियां, 9 नगर कमेटियां, 85 मंडल कमेटियां और 80 न्याय पंचायत कमेटियां गठित की जा चुकी हैं. जबकि आधे से अधिक बूथ कमेटियों पर भी काम पूरा हो गया है. पार्टी नेताओं का मानना है कि जमीनी ढांचे की यह तैयारी उनकी दावेदारी को मजबूत करती है.

संविधान रक्षा मार्च और चुनाव आयोग पर सवाल

कांग्रेस नेताओं ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा मार्च’ की तैयारियों की भी जानकारी दी. बताया गया कि इस मार्च का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे जिसमें प्रदेश भर से कार्यकर्ता, पदाधिकारी, पूर्व विधायक तथा एआईसीसी और पीसीसी सदस्य शामिल होंगे.

इस दौरान जिला अध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों, मतदाताओं के नाम काटे जाने और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता रहेगी.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछे गए सवालों के जवाब में प्रकाश प्रधान ने पाकिस्तान से बातचीत के मुद्दे पर कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद से दूरी बनाने और उस पर ठोस प्रतिबद्धता नहीं दिखाता, तब तक वार्ता संभव और सार्थक नहीं हो सकती. इसके अलावा उन्होंने सोनिया गांधी से जुड़ी पुस्तक और भाजपा-आरएसएस की टिप्पणियों को लेकर भी पार्टी का रुख रखा. कुल मिलाकर मैनपुरी की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कांग्रेस ने एक ओर गठबंधन के भीतर मैनपुरी सदर व भोगांव सीट पर दबाव बनाया है. वहीं दूसरी ओर संविधान रक्षा मार्च के जरिए सड़कों पर उतरने की तैयारी का संकेत दिया है. अब सबकी निगाहें सपा की प्रतिक्रिया और शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं.

ये भी पढ़ें: जज की जगह ओवैसी को दे दिया था गार्ड ऑफ ऑनर, अब मामले में कार्रवाई के बाद CO पवन कुमार पद से हटाए गए