Azam Khan Exclusive Talk: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने लंबे समय बाद एक बार फिर अपने पुराने तेवर दिखाए हैं. यूपी Tak से बातचीत में उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी पर जमकर निशाना साधा. आजम खान ने सवाल उठाया कि हैदराबाद में अपनी पार्टी के 4 विधायक जिताने वाले ओवैसी उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात क्यों कर रहे हैं? आजम खान ने ओवैसी को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि वो उनके घर के पास से गुजरे, लेकिन मिलने नहीं आए. उन्होंने इशारों में ओवैसी के पीछे किसी ताकत के होने की बात कही और कहा कि उन्हें लगता है कि कोई उन्हें उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए भेज रहा है. वहीं, चंद्रशेखर आजाद पर भी उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी.
ADVERTISEMENT
ओवैसी पर क्या बोले आजम खान?
असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए आजम खान ने कहा कि वह उनके इतने बड़े हमदर्द बनकर घूम रहे हैं, लेकिन जब वह मुश्किल में थे तो ओवैसी ने उनके लिए कोई केस नहीं लड़ा. उन्होंने कहा, 'ओवैसी आज मेरे इतने बड़े हमदर्द बने घूम रहे हैं, इतने बड़े बैरिस्टर हैं मेरे लिए एक वकालतनामा ही लगा देते, मेरे लिए एक केस लड़ लेते.' आजम खान ने सवाल किया कि हैदराबाद से आने वाले ओवैसी जब वहां मुश्किल से 4 विधायक जिता पाते हैं, तो उत्तर प्रदेश की 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी क्यों कर रहे हैं? उन्होंने कहा, 'मुझे यकीन है उन्हें किसी ने भेजा है और वह किसी का काम करने आ रहे हैं.' आजम ने यह भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि ओवैसी को कौन बचा रहा है. उनके मुताबिक ओवैसी ने उनके मुकदमों में पैरवी तक नहीं की. कटोरे वाली टिप्पणी करते हुए आजम खान ने कहा, 'ओवैसी कटोरा लेकर अखिलेश के घर के बाहर खड़े थे कि कोई साथ ले ले, जब साथ नहीं लिया तो वही कटोरा सर पर दे मारा.'
यह भी पढ़ें- आजम खान ने ओवैसी की दाढ़ी पर कसा तंज, तो कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने किया पलटवार, बोले- 'ऐसी टिप्पणी नहीं होनी चाहिए'
चंद्रशेखर आजाद को लेकर क्या बोले?
आजम खान ने नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को लेकर भी तीखी टिप्पणी की. उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर ने नगीना और बिजनौर के उन मुसलमानों के साथ गद्दारी की, जिन्होंने उन्हें वोट देकर जिताया था. आजम ने कहा कि चंद्रशेखर ने उनके भरोसे को तोड़ा और अब ओवैसी के साथ चले गए हैं. हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि समाजवादी पार्टी ने भी चंद्रशेखर को अपने साथ नहीं लिया था, तो आजम खान ने अपनी पार्टी की गलती स्वीकार की. उन्होंने कहा, 'हां, गलती तो की है, लेकिन कुछ तो हुआ होगा. उनका साथ लेना चाहिए था.' आजम ने यह भी कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि चंद्रशेखर साथ आएं. ओवैसी की सभाओं में दिखने वाली भीड़ पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह कैमरों का कमाल है, जिसे दिखाना होता है, वही दिख जाता है.
कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर जताया भरोसा
ओवैसी पर हमलावर आजम खान कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर सकारात्मक नजर आए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच अच्छा गठबंधन होगा और यह हर हाल में होना तय है. आजम के मुताबिक दोनों पार्टियां गठबंधन के लिए प्रतिबद्ध हैं और सीटों को लेकर कोई बड़ी अड़चन नहीं है. उन्होंने कहा, 'सीट की कोई बात ही नहीं, दोनों पार्टियां चाहती हैं कि गठबंधन हो और अच्छा गठबंधन हो, इसलिए गठबंधन होना तय है.' उन्होंने यह भी कहा कि अगर दो-चार सीटें किसी को छोड़नी पड़ें तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं है. आजम खान ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में वह अपनी ओर से पूरी 5 सीटें जिताने और पूरा मंडल जिताने की कोशिश करेंगे. हालांकि, उनसे चुनाव लड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कोई चर्चा नहीं है.
अपने ऊपर लगे आरोपों पर भी रखी बात
आजम खान ने जेल में बिताए समय और अपने परिवार पर हुई कार्रवाई को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि 'हमारा एनकाउंटर भी हों सकता था मुन्ना बजरंगी भी मरवाया गया, हमें मारने की कोशिश भी की गई. कोई हमें तोड़ नहीं सका, झुका नहीं सका, क्योंकि हम बस दिन में छह बार झुकते हैं. जो हमारा मालिक है, बस उसी के आगे झुकता हूं और उसी से डरता हूं.' उन्होंने जेल में अपने साथ हुई कथित घटनाओं का जिक्र करते हुए मुन्ना बजरंगी की मौत का भी उल्लेख किया. आजम खान ने कहा कि उनके परिवार के साथ भी बहुत ज्यादती हुई और उनकी बहन को घसीटकर थाने ले जाया गया. उन्होंने कहा कि उन्हें मुसलमान होने और यूनिवर्सिटी बनाने की वजह से निशाना बनाया गया. आजम ने अपने ऊपर लगे माफिया और चोरी के आरोपों पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, 'मुझे शर्म आती है, जिन्होंने मुझे माफिया कहा, वो देश के लिए धब्बा हैं.' उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कभी रिश्वत या कट मनी नहीं ली.
यह भी पढ़ें- मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात
जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर क्या बोले?
आजम खान ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अब वह चाहते हैं कि यूनिवर्सिटी रहे ही नहीं और वह अथॉरिटी को पत्र लिखकर इससे अपना संबंध खत्म करने की बात कहेंगे. उन्होंने कहा, 'मैं अथॉरिटी को लिखने जा रहा हूं कि मुझे इस यूनिवर्सिटी से कोई लेना-देना नहीं. लाइए बुलडोजर और तोड़ दीजिए, सब गिरा दीजिए ताकि लोग देखें.' यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति होने के आरोप पर उन्होंने कहा कि यह आरोप है और इसे साबित नहीं किया गया है. उन्होंने चंदे को लेकर भी बताया कि सबसे ज्यादा चंदा मेरठ के एक हिंदू व्यक्ति ने दिया था, जिसकी रकम 6.30 करोड़ रुपये थी. आजम खान ने कहा कि उन्हें पाकिस्तानी कहे जाने पर भी दुख होता है, क्योंकि वह कभी पाकिस्तान नहीं गए और अपने सगे-संबंधियों से भी रिश्ता नहीं रखा.
'अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा' बयान पर भी जताई नाराजगी
आजम खान ने 'अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा' वाले बयान पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अब्दुल का अर्थ अल्लाह का बंदा है और इसे इस तरह इस्तेमाल करना गलत है. उन्होंने कहा, 'अब्दुल का मतलब है बंदा किसका बंदा. हमारे यहां यह शब्द अकेले इस्तेमाल नहीं होता, इसका मतलब अल्लाह का नाम है. पूरा नाम अब्दुल रहमान, अब्दुल रहीम होता है.' आजम ने इस तरह की टिप्पणी करने वालों को अल्लाह से डरने की नसीहत दी. वहीं, शिवपाल यादव की ओर से उन्हें गृहमंत्री बनाए जाने की बात पर आजम ने कहा कि उन्होंने प्यार में ऐसा कह दिया होगा, लेकिन उन्हें इस पद से डर लगता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बादशाह कहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि एक-दो बार ऐसा कहा होगा, लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री के सम्मान में कभी गुस्ताखी नहीं की. आजम खान ने कहा कि प्रधानमंत्री होना आसान काम नहीं है.
ADVERTISEMENT











