आजम खान ने ओवैसी की दाढ़ी पर कसा तंज, तो कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने किया पलटवार, बोले- 'ऐसी टिप्पणी नहीं होनी चाहिए'
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से बाहर आते ही अपने प्रतिद्वंद्वी असदुद्दीन ओवैसी पर तीखे जुबानी हमले कर रहे हैं. पहले उन्होंने बिरयानी वाला बयान दिया और अब ओवैसी की दाढ़ी को लेकर बड़ा दावा कर दिया है.
ADVERTISEMENT

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से बाहर आते ही अपने प्रतिद्वंद्वी असदुद्दीन ओवैसी पर तीखे जुबानी हमले कर रहे हैं. पहले उन्होंने बिरयानी वाला बयान दिया और अब ओवैसी की दाढ़ी को लेकर बड़ा दावा कर दिया है. उन्होंने कहा है कि सिर्फ दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता है. आजम खान के इस बयान पर अभी तक ओवैसी ने कोई जवाब नहीं दिया है, लेकिन कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दाढ़ी वाले बयान पर पलटवार किया है. आइए जानते हैं इमरान मसूद ने क्यों पलटवार किया और इसके पीछे छिपी राजनीति क्या है?
आजम खान ने ओवैसी पर कसा तंज
जेल से बाहर आने के बाद आजम खान लगातार अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं. मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे असदुद्दीन ओवैसी को लेकर सवाल पूछा गया. इस बाद उन्होंने कहा, 'दाढ़ी रख लेने से कोई मौलाना नहीं हो जाता और ना ही दाढ़ी रख लेने से कोई साधु हो जाता है. मौलाना होने के लिए मौलवियत की डिग्री चाहिए. फतवा देने के लिए मुफ्ती की डिग्री होना चाहिए.' आगे उन्होंने ओवैसी का जिक्र करते हुए कहा, 'लेकिन हां, वो बैरिस्टर हैं.'
इमरान मसूद ने बयान को गलत बताया
आजम खान के दाढ़ी वाले बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा, 'मैं इसे अनुचित मानता हूं. दाढ़ी के ऊपर टिप्पणी नहीं होनी चाहिए. आप रखें, ना रखें, मैं नहीं रखता हूं, लेकिन दाढ़ी के ऊपर टिप्पणी नहीं होनी चाहिए. दाढ़ी एहतराम की चीज है.'
इमरान मसूद के इस बयान के बाद आजम खान की टिप्पणी को लेकर विवाद और बढ़ गया है. एक तरफ आजम खान ने ओवैसी पर तंज कसा तो दूसरी तरफ इमरान मसूद ने दाढ़ी को सम्मान से जोड़ते हुए इस तरह की टिप्पणी पर आपत्ति जताई है.
मुस्लिम सियासत में नई हलचल
आजम खान और इमरान मसूद दोनों ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़े मुस्लिम चेहरे माने जाते हैं. दोनों नेता रुहेलखंड से लेकर पश्चिमी यूपी तक अपना प्रभाव बताते हैं. ऐसे में दोनों नेताओं के बयानों को केवल दाढ़ी और ओवैसी तक सीमित करके नहीं देखा जा रहा है. इसके पीछे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों को साधने की राजनीति मानी जा रही है.
अगर इमरान मसूद के पिछले कुछ महीनों के बयान टटोले जाएं, तो साफ नजर आएगा कि वो इन दिनों सपा जमकर हमला बोल रहे हैं. वह कई बार मुस्लिमों के मुद्दों पर सपा की चुप्पी और मुस्लिम नेताओं को राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिलने का मुद्दा उठा चुके हैं.
जुलाई 2026 में भी इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि समाजवादी पार्टी मुस्लिम नेताओं को बर्दाश्त नहीं कर पाती है. उनके इस बयान के बाद कांग्रेस और सपा के रिश्तों को लेकर भी सवाल उठे थे.
क्या मुस्लिम वोटों पर है नजर?
अब आजम खान के बयान पर इमरान मसूद की प्रतिक्रिया के बाद कई राजनीतिक सवाल खड़े हो रहे हैं. क्या इमरान मसूद जानबूझकर आजम खान की टिप्पणी पर इस तरह बोल रहे हैं? क्या वह मुस्लिम राजनीति में कांग्रेस की अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं? क्या कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना चाहती है?
इन सवालों के पीछे उत्तर प्रदेश की बदलती राजनीतिक गतिविधियां भी हैं. एक तरफ समाजवादी पार्टी आजम खान के जरिए अपने पुराने मुस्लिम आधार को मजबूत करने की कोशिश में है. वहीं दूसरी तरफ असदुद्दीन ओवैसी भी मुस्लिम नेतृत्व और राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा उठाते रहे हैं. वह मुस्लिम बहुल इलाकों में सभाएं भी कर रहे हैं.
ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले रामपुर से लेकर सहारनपुर तक की सियासत में यह बयान एक नया मुद्दा बन गया है. आजम खान, इमरान मसूद और असदुद्दीन ओवैसी के बयानों को मुस्लिम राजनीति के नए समीकरणों के तौर पर देखा जा रहा है. आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि इन बयानों का कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी को कितना फायदा मिलता है.
यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात
