सिद्धार्थनगर में आपस में भिड़े सांसद-विधायक के कार्यकर्ता, मंच से MLA का नाम न लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद

ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय वर्मा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. कार्यकर्ताओं के बीच यह झड़प मंच से विधायक का नाम न लेने को लेकर शुरू हुई.
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल और शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. दरअसल रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के रूप में उच्चीकृत करने के लिए शिलन्यास और भूमिपूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में सांसद और विधायक अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे थे. आरोप है सासंद के साथ आए कार्यकर्ताओं ने उद्घोषक पर विधायक का नाम न लेने का दबाव बनाया, जिससे यह विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं में हाथापाई होने लगी.
19 करोड़ की परियोजना का था कार्यक्रम
रविवार को सिद्धार्थनगर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने के निर्माण कार्य का शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था. स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में परियोजना की लागत 19 करोड़ 66 लाख रुपये तय की गई है.
इस कार्यक्रम में सबसे पहले डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल पहुंचे थे. इस दौरान मंच पर मौजूद स्थानीय विधायक विनय वर्मा के समर्थक 'विकास पुरुष विनय वर्मा जिंदाबाद' के नारे लगा रहे थे. इसी बीच सांसद जगदंबिका पाल के समर्थक भी वहां पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे.
आरोप है कि सांसद के साथ आए कुछ लोगों ने मंच से कार्यक्रम का संचालन कर रहे उद्घोषक जुग्गी राम राही को रोकना शुरू कर दिया. वे उनसे विधायक विनय वर्मा का नाम न लेने के लिए कह रहे थे. इस बात का विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी ने विरोध किया.
प्रदीप के विरोध करने पर विवाद बढ़ गया. आरोप है कि सांसद के साथ आए कुछ लोग अचानक मंच पर चढ़ गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. इस घटना में प्रदीप को हल्की चोटें आईं और उनका कुर्ता फट गया.
पीड़ित ने बताया क्या था मामला
प्रदीप कमलापुरी के मुताबिक 'वह मंच पर मौजूद थे. तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और उन्हें मंच से नीचे उतरने के लिए कहने लगे. जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.' प्रदीप ने अनिल अग्रहरि, सूर्य प्रकाश पांडेय और मुरारी नाम के व्यक्ति पर हमला करने का आरोप लगाया है.
प्रदीप ने यह भी आरोप लगाया कि 'घटना के दौरान पुलिस प्रशासन के लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने उन्हें बचाने के लिए कुछ नहीं किया.'
प्रदीप बोले- समर्थकों से करेंगे बात
घटना के बाद प्रदीप कमलापुरी ने अपनी बात रखते हुए कहा है कि 'वह बीजेपी के क्षेत्रीय व्यापार प्रकोष्ठ से जुड़े हैं और मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री की ओर से आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. उन्होंने कहा है कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है.' 'वह सांसद जगदंबिका पाल का भी सम्मान करते हैं, लेकिन कार्यक्रम में उनके साथ हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है.'
प्रदीप ने साफ किया, 'उन्होंने अभी तक इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है. वह अपने समर्थकों से बातचीत करने के बाद आगे का फैसला लेंगे. वहीं पार्टी को पत्र लिखने के सवाल पर भी उन्होंने कहा है कि समर्थकों से विचार-विमर्श करने के बाद ही इस बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा.'
यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात
