UP Election 2027: बीजेपी ने OBC मोर्चे की नई टीम का किया ऐलान, यूपी के इन नेताओं को मिली जगह

ADVERTISEMENT
2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अखिलेश यादव के PDA समीकरण की काट के लिए OBC मोर्चे की नई राष्ट्रीय टीम में यूपी के कई नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी है. पार्टी ने गैर-यादव OBC के साथ यादव, निषाद, लोधी और कुशवाहा समाज ने नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी है.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है. एक तरफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने 'पीडीए' दांव के जरिए बड़े-बड़े दिग्गजों को पार्टी से जोड़ रहे हैं. वे कभी पीडीए रथ लेकर सड़क पर उतरते हैं, तो कभी सोशल मीडिया के जरिए बीजेपी को घेरते हैं. अब अखिलेश के इसी समीकरण की काट के तौर पर बीजेपी ने एक नई रणनीति तैयार की है. बीजेपी का पूरा फोकस अन्य पिछड़ा वर्ग पर है. पार्टी ने अपने ओबीसी मोर्चे की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें उत्तर प्रदेश के कई नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं. इसके जरिए बीजेपी न सिर्फ गैर-यादव ओबीसी के अपने पुराने समीकरण को मजबूत करना चाहती है, बल्कि यादव समाज को भी बड़ा संदेश देने की कोशिश कर रही है.
संगमलाल और संगीता बलवंत बने उपाध्यक्ष
बीजेपी की इस नई राष्ट्रीय टीम में यूपी से संगमलाल गुप्ता और डॉ. संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. वैश्य समाज से आने वाले संगमलाल गुप्ता के जरिए पार्टी अवध और पूर्वांचल में वैश्य और तेली समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है. वे 2017 में अपना दल (सोनेलाल) के टिकट पर प्रतापगढ़ सदर से विधायक और 2019 में बीजेपी से प्रतापगढ़ के सांसद बने थे, हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में वे सपा के एसपी सिंह पटेल से हार गए थे. वहीं डॉ. संगीता बलवंत बिंद के जरिए पार्टी बिंद, निषाद और मल्लाह समुदाय को साधने का संदेश दे रही है. संगीता बलवंत 2017 में गाजीपुर सदर से विधायक और सितंबर 2021 में योगी सरकार में राज्य मंत्री बनी थीं. 2022 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद बीजेपी ने फरवरी 2024 में उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया था.
यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात
यादव वोट बैंक साधने की कोशिश
बीजेपी की नई टीम में सिर्फ गैर-यादव पिछड़े वर्ग पर ही नहीं, बल्कि यादव समाज के नेताओं पर भी भरोसा जताया गया है. पार्टी ने राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राहुल यादव को नीति एवं शोध का सहसंयोजक बनाया है. यादव नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देकर बीजेपी यह संदेश दे रही है कि पार्टी में गैर-यादव ओबीसी के साथ-साथ यादव समाज का भी पूरा सम्मान है. हालांकि, यूपी में यादव वोट बैंक को लंबे समय से समाजवादी पार्टी का मजबूत आधार माना जाता रहा है. ऐसे में बीजेपी के लिए यादव समाज के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाना हमेशा से एक बड़ी चुनौती रही है.
यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात
बुंदेलखंड और अन्य जातियों का समीकरण
जातीय समीकरण के साथ-साथ बीजेपी ने क्षेत्रीय संतुलन साधने की भी पूरी कोशिश की है. पार्टी ने डॉ. रिचा राजपूत और भुवन भूषण कमल को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया है. लोधी समाज से आने वाली डॉ. रिचा राजपूत की नियुक्ति को बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश तक संदेश देने की कवायद माना जा रहा है. इसके अलावा, निर्भया मामले में पीड़िता की वकील रहीं एडवोकेट सीमा समृद्धि कुशवाहा को विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है. 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुईं सीमा कुशवाहा इटावा सदर सीट से दावेदारी भी कर रही हैं और उनके जरिए शाक्य, मौर्य, सैनी व कुशवाहा समाज तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति है. 2024 के बाद यूपी में जातीय हिस्सेदारी और सामाजिक न्याय के मुद्दे तेज हुए हैं, ऐसे में अब देखना होगा कि बीजेपी की यह नई टीम अखिलेश के पीडीए को कितना झटका दे पाती है.
यह भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, सोशल मीडिया पर लिखी ये बात
