लेटेस्ट न्यूज़

'हाथ जोड़कर कहता हूं, अब गलत काम नहीं करूंगा', संभल में पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिड़गिड़ाए बदमाश, 1 दिन पहले किया था ये कांड!

उत्तर प्रदेश के संभल में महिला का पर्स लूटकर फरार हुए दो बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. शनिवार रात बाईपास रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े.

ADVERTISEMENT

Sambhal Police Encounter News
Sambhal Police Encounter News
social share
Google CTA

Sambhal Police Encounter News: उत्तर प्रदेश के संभल में महिला का पर्स लूटकर फरार हुए दो बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. शनिवार रात बाईपास रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया. यहां पूछताछ के दौरान घायल बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा. उसने कहा कि अब वह कभी गलत काम नहीं करेगा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओवैस और खालिद के रूप में हुई है. दोनों हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन के रहने वाले हैं. पुलिस ने इनके पास से महिला का लूटा हुआ पर्स, एक अपाचे मोटरसाइकिल और दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं.

शुक्रवार शाम महिला से सरेराह लूटा था पर्स

मामला संभल सदर कोतवाली क्षेत्र का है. यहां बीते शुक्रवार शाम एक महिला के साथ सरेराह पर्स लूट की घटना हुई थी. वारदात की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली प्रभारी और सीओ कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे थे. उन्होंने पीड़ित महिला से बातचीत कर बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई. घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. जांच के दौरान कुछ संदिग्ध कैमरे में दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी.

यह भी पढ़ें- बीजेपी OBC मोर्चा की नई टीम का ऐलान, यूपी के इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी, जानिए किसे मिला कौन सा पद

बाईपास रोड पर पुलिस ने की घेराबंदी

सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी. इसी बीच शनिवार रात सदर कोतवाली इलाके में बाईपास रोड पर दो संदिग्धों के मौजूद होने की सूचना मिली. बताया गया कि दोनों बाइक पर सवार हैं. जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी. कुछ देर बाद सीओ कुलदीप कुमार भी वहां पहुंच गए. पुलिस टीम ने बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की.

दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली

पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाइक सवार दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई. गोली लगने से दोनों घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पुलिस टीम ने बिना देरी किए दोनों घायलों को संभल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कराकर इलाज शुरू कराया गया. मुठभेड़ की जानकारी मिलने पर एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी और सीओ कुलदीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने घायल बदमाशों से पूछताछ की. इसी दौरान मुठभेड़ में घायल एक बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता नजर आया. उसने हाथ जोड़ते हुए कहा, 'हाथ जोड़कर कहता हूं कि अब आगे से कोई गलत काम बिल्कुल नहीं करूंगा.'

लूट का पर्स, अपाचे बाइक और दो तमंचे बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों के पास से महिला का लूटा हुआ पर्स बरामद किया है. इसके अलावा उनके कब्जे से एक अपाचे मोटरसाइकिल और दो अवैध तमंचे भी मिले हैं. पुलिस के मुताबिक बरामद पर्स उसी महिला का है, जिसके साथ शुक्रवार शाम सदर कोतवाली क्षेत्र में लूट की वारदात हुई थी. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओवैस और खालिद के तौर पर हुई है. दोनों संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन इलाके के निवासी हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है.

यह भी पढ़ें- सहारनपुर में पुलिसकर्मियों ने गलती से असदुद्दीन ओवैसी को दिया गार्ड ऑफ ऑनर, SC के जज को मिलनी थी सलामी

 

कैसे पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी?

एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार शाम एक महिला का पर्स छीनकर दो बदमाश फरार हो गए थे. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. उन्होंने कहा, 'घटना का पर्दाफाश करने के लिए सीओ कुलदीप कुमार और इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी. इसी क्रम में सूचना मिली कि बाइक सवार दो बदमाश छैमनाथ मंदिर की तरफ बाईपास रोड पर दिखाई दिए हैं.' एसपी के मुताबिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए.

अस्पताल में बदमाशों से पूछताछ जारी

एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को तुरंत संभल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने उनके पास से लूटा गया पर्स और अन्य सामान बरामद किया है. इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल और दो अवैध तमंचे भी मिले हैं. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे पहले किन घटनाओं में शामिल रहे हैं. फिलहाल इस मुठभेड़ के बाद शुक्रवार को हुई पर्स लूट की घटना का खुलासा हो गया है.