लेटेस्ट न्यूज़

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, जानिए कैसे 'नेताजी' ने बनाई यूपी की राजनीति में अलग पहचान

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, जानिए कैसे 'नेताजी' ने बनाई यूपी की राजनीति में अलग पहचान

ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश की राजनीति के बड़े चेहरों में शामिल रहे मुलायम सिंह यादव की आज जयंती है. इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी. बीजेपी और समाजवादी पार्टी की विचारधारा भले ही अलग रही हो, लेकिन सीएम योगी ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक योगदान के प्रति सम्मान जाहिर किया.

social share
Google CTA

CM Yogi On Mulayam Singh Yadav: उत्तर प्रदेश की राजनीति के बड़े चेहरों में शामिल रहे मुलायम सिंह यादव की आज जयंती है. इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी. बीजेपी और समाजवादी पार्टी की विचारधारा भले ही अलग रही हो, लेकिन सीएम योगी ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक योगदान के प्रति सम्मान जाहिर किया. मुलायम सिंह यादव को उनके समर्थक प्यार और सम्मान से 'नेताजी' कहकर बुलाते थे. एक साधारण किसान परिवार से निकलकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री तक पहुंचने का उनका सफर काफी खास रहा.

CM योगी ने सोशल मीडिया पर लिखी ये बात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा, 'पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण' मुलायम सिंह यादव की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि.' मुलायम सिंह यादव ने कई दशकों तक प्रदेश की राजनीति को प्रभावित किया और समाजवादी विचारधारा के बड़े चेहरे के रूप में अपनी पहचान बनाई.

यह भी पढ़ें- बीजेपी OBC मोर्चा की नई टीम का ऐलान, यूपी के इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी, जानिए किसे मिला कौन सा पद

 

सैफई के किसान परिवार में हुआ था जन्म

मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था. उनका शुरुआती जीवन एक साधारण किसान परिवार में बीता. पढ़ाई के साथ उन्हें कुश्ती का भी शौक था, लेकिन बाद में उनका रुझान राजनीति की ओर बढ़ा. डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने समाजवादी विचारधारा को अपने राजनीतिक जीवन का आधार बनाया. साल 1967 में वह पहली बार विधायक बने. इसके बाद उन्होंने जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत की और गांव, किसान, पिछड़े वर्ग तथा समाज के कमजोर तबकों से जुड़े मुद्दों को अपनी राजनीति का केंद्र बनाया.

3 बार संभाली उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी

मुलायम सिंह यादव पहली बार 1989 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने. इसके बाद 1993 और 2003 में भी उन्होंने प्रदेश की सत्ता संभाली. इस तरह वह तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री रहे. साल 1992 में उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना की, जो आगे चलकर उत्तर प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक ताकतों में शामिल हुई. सत्ता में रहने के साथ-साथ विपक्ष में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही.

यह भी पढ़ें- आजम खान की बिरयानी वाली टिप्पणी पर छिड़ी बहस, हैदराबादियों ने बताया क्यों पुलाव से बेहतर है उनकी बिरयानी

 

1996 से 1998 तक रहे देश के रक्षा मंत्री

मुलायम सिंह यादव का राजनीतिक सफर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा. साल 1996 में उन्हें केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी मिली. उन्होंने 1996 से 1998 तक इस पद पर काम किया. उनके कार्यकाल से जुड़ा एक अहम फैसला शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करना था. इस फैसले को शहीदों के परिवारों के सम्मान से जोड़कर देखा जाता है.

2023 में मरणोपरांत मिला पद्म विभूषण

मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन प्रदेश की राजनीति में उनका प्रभाव लंबे समय तक बना रहा. 10 अक्टूबर 2022 को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 82 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. साल 2023 में केंद्र सरकार ने उन्हें मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया. सैफई से शुरू हुआ उनका सफर विधायक, तीन बार मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री तक पहुंचा. उनके समर्थक आज भी उन्हें 'नेताजी' के नाम से याद करते हैं.