उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी. दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बन गई है, लेकिन सीटों का बंटवारा अभी तय नहीं हुआ है. सोमवार को दिल्ली में दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच इस मुद्दे पर पहली बैठक हुई. बैठक में सीटों के तालमेल और चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई. अब मंगलवार और बुधवार को भी दोनों दलों के नेता बातचीत करेंगे.
ADVERTISEMENT
बैठक के बाद कांग्रेस की उत्तर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने साफ किया कि सपा और कांग्रेस के बीच मिलकर चुनाव लड़ने को लेकर कोई असमंजस नहीं है. हालांकि, किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है. दोनों दलों की कोशिश है कि सीटों का बंटवारा ऐसा हो, जिससे बीजेपी को चुनाव में हराया जा सके.
प्रमोद तिवारी के आवास पर जुटे दोनों दलों के बड़े नेता
सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर पहली बैठक कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर हुई. इसमें दोनों पार्टियों के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए.
समाजवादी पार्टी की ओर से रामगोपाल यादव, इकरा चौधरी, राजीव राय और श्यामलाल पाल बैठक में पहुंचे. कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद मौजूद रहे.
बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की रणनीति और सीटों के तालमेल पर बातचीत हुई. पहले दिन की चर्चा ज्यादा लंबी नहीं चली. हालांकि, दोनों दलों के बीच बातचीत का सिलसिला अगले दो दिनों तक जारी रहेगा.
50 या 100 सीटें मिलेंगी? कांग्रेस ने नहीं खोले पत्ते
कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, इसे लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है. बैठक के बाद आराधना मिश्रा से जब पूछा गया कि क्या कांग्रेस 50 या 100 सीटों की मांग कर रही है, तो उन्होंने किसी भी संख्या की पुष्टि नहीं की. उन्होंने कहा कि सीटों का फैसला इस आधार पर होगा कि किस विधानसभा क्षेत्र में किस पार्टी के उम्मीदवार के जीतने की संभावना ज्यादा है.
आराधना मिश्रा के मुताबिक, दोनों दलों का लक्ष्य 2027 में बीजेपी को हराकर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना है. इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर बातचीत आगे बढ़ेगी. पहले दिन किन विधानसभा सीटों को लेकर चर्चा हुई, इस बारे में उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी.
बैठक जल्दी खत्म होने पर क्या बोलीं आराधना मिश्रा?
दोनों पार्टियों के नेताओं की बैठक कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई. इसको लेकर जब आराधना मिश्रा से सवाल किया गया तो उन्होंने इसे दोनों दलों के बीच भरोसे से जोड़कर देखा. उन्होंने कहा कि जहां आपसी विश्वास होता है, वहां बातचीत के लिए ज्यादा शब्दों की जरूरत नहीं पड़ती. दोनों दलों की नीयत साफ है और उन्हें एक-दूसरे पर भरोसा है.
उनके इस बयान से यह संकेत मिला कि फिलहाल दोनों पार्टियां गठबंधन को लेकर सकारात्मक हैं और सीटों के बंटवारे पर बातचीत आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं.
मंगलवार और बुधवार को फिर होगी बातचीत
सीट शेयरिंग को लेकर सपा और कांग्रेस की बातचीत अभी शुरुआती दौर में है. सोमवार की बैठक के बाद तय हुआ है कि मंगलवार और बुधवार को फिर दोनों दलों के नेता आमने-सामने बैठेंगे.
आने वाली बैठकों में सीटों के बंटवारे के फॉर्मूले पर विस्तार से चर्चा हो सकती है. दोनों पार्टियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऐसी सीटों का तालमेल बैठाना है, जहां एक-दूसरे के वोट बैंक और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों का असर पड़ सकता है.
प्रमोद तिवारी बोले- दो तिहाई बहुमत से बनेगी सरकार
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने 2027 के चुनाव को लेकर भरोसा जताया कि सपा और कांग्रेस मिलकर उत्तर प्रदेश में दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे. उन्होंने बताया कि सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत उनके आवास पर हुई.
तिवारी ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा. उनका कहना है कि राज्य के लोग मौजूदा सरकार से परेशान हैं और 2027 में गठबंधन को इसका फायदा मिलेगा.
उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह सपा और कांग्रेस ने साथ आकर बीजेपी का मुकाबला किया था, उसी तरह दोनों दल 2027 का विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ेंगे.
ADVERTISEMENT











