उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर चल रहा विवाद अब एक बार फिर चर्चा में है. भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करने वाले उनके बयान पर पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नाराजगी जताई थी. अब योग गुरु बाबा रामदेव ने भी कथावाचकों पर तीखी टिप्पणी की है. उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन भगवान कृष्ण को 'टेढ़ा-मेढ़ा' बताने और बाद में माफी मांगने वाले व्यक्ति पर जिस अंदाज में निशाना साधा, उससे उनकी टिप्पणी को धीरेंद्र शास्त्री से जोड़कर देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
रामदेव ने कहा कि भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करके किसी एक को महान और दूसरे को टेढ़ा बताना गलत है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई व्यक्ति माफी मांगकर बांके बिहारी के दर्शन करता है, तो उसके बाद दोबारा श्रीकृष्ण को टेढ़ा क्यों बताता है? रामदेव ने ऐसे लोगों को पाखंडी तक कह दिया. उनका बयान 22 नवंबर को झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आया.
रामदेव बोले- माफी मांगकर फिर वही बात क्यों कही?
महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम की ओर से जमशेदपुर में प्रांतीय महिला महासम्मेलन आयोजित किया गया था. इसी कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने कुछ कथावाचकों की भाषा और उनके धार्मिक ज्ञान पर सवाल उठाए.
उन्होंने कहा, 'जिन्होंने देवी-देवताओं की तुलना की कि राम महान हैं और कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं. फिर माफी मांग ली और माफी मांगकर बांके बिहारी का माथा टेक दिया. उसके बाद भी क्या बोल रहे हैं कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं. अरे, तेरी मति मारी गई. पाखंडी!'
रामदेव ने आगे कहा कि जानबूझकर ऐसी बातें नहीं बोलनी चाहिए. समाज में किसी को भी हल्की बातें कहने का अधिकार नहीं है. हर चीज की एक मर्यादा और अनुशासन होता है. उन्होंने ऐसे लोगों को भी निशाने पर लिया जो सनातन धर्म की रक्षा की बात करते हैं, लेकिन खुद धर्म और शास्त्रों की सही जानकारी नहीं रखते.
रामदेव ने सफाई भी दी, बोले- किसी को टारगेट नहीं किया
रामदेव के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा शुरू हो गई कि उनका इशारा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर है. हालांकि, रामदेव ने अपने संबोधन में उनका नाम नहीं लिया.
बाद में उन्होंने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मकसद किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं था. वह उन कथाकारों की बात कर रहे थे, जो अधूरे ज्ञान और अनुभव के आधार पर सनातन धर्म की व्याख्या करते हैं.
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को जितना खतरा बाहर से है, उतना ही भीतर से भी है. धर्म के नाम पर आधी-अधूरी जानकारी फैलाने वालों को भी इससे बचना चाहिए. हालांकि, सफाई देते समय रामदेव ने एक और बात कही. उन्होंने कहा, 'हम किसी को टारगेट नहीं किए. जिसको टारगेट किया, उसको पता लग गया होगा.'
यूपी के प्रतापगढ़ में एक ही मंच पर आए थे रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री
17 से 20 नवंबर तक प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया यानी रघुराज प्रताप सिंह की ओर से श्रीराम कथा का आयोजन किया गया था. कथा का वाचन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने किया था. इस कार्यक्रम में बाबा रामदेव भी शामिल हुए थे. यहां दोनों आपस में गले भी लगे थे.
इस आयोजन से पहले धीरेंद्र शास्त्री के भगवान राम और कृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद हो चुका था. उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह भगवान राम को सीधा और श्रीकृष्ण को टेढ़ा बताते सुनाई दिए थे. उन्होंने श्रीकृष्ण की तीन जगह से मुड़ी हुई मुद्रा का जिक्र करते हुए दोनों की तुलना की थी.
विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई दी थी. उन्होंने कहा था कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया. उनका राम और कृष्ण में कोई भेद करने का इरादा नहीं था. अगर उनकी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह माफी मांगते हैं. माफी मांगने के बाद उन्होंने फिर से श्रीकृष्ण को टेढ़ा बताते हुए कहा था कि उन्होंने जी भी कहां ठीक कहा था.
अखिलेश यादव भी कर चुके हैं धीरेंद्र शास्त्री का विरोध
धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि इस बयान से यदुवंशियों और रघुवंशियों, दोनों की भावनाएं आहत हुई हैं. अखिलेश ने धीरेंद्र शास्त्री के ब्रज और अवध में प्रवेश पर रोक लगाने तक की बात कही थी.
उन्होंने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर नाकाबंदी का बोर्ड लगाने का सुझाव भी दिया था. अखिलेश का कहना था कि धार्मिक मंचों से इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकती हैं. उन्होंने आयोजकों से ऐसे कथावाचकों के कार्यक्रम नहीं कराने की अपील भी की थी.
प्रतापगढ़ में राजा भैया के आयोजन को लेकर भी सपा की ओर से विरोध सामने आया था. पार्टी के नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री को बुलाने पर सवाल उठाए थे. इसके बावजूद 17 से 20 नवंबर तक कथा का आयोजन हुआ.
ये भी पढ़ें- राम-कृष्ण विवाद में माफी के बाद फिर धीरेंद्र शास्त्री का वृंदावन में 'टेढ़ा' बयान! बोले- हम पहले भी गलत नहीं थे
ADVERTISEMENT











