SP Congress Seat Sharing News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है. दिल्ली में आज लगातार दूसरे दिन दोनों दलों की कमेटियों के बीच बैठक होगी. दोपहर 12 बजे कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर होने वाली इस बैठक में सपा की ओर से कांग्रेस को शुरुआती तौर पर 26 सीटों का ऑफर दिया जाएगा. सपा ने इन सीटों को चिन्हित कर लिया है. बताया जा रहा है कि बातचीत आगे बढ़ने के साथ सीटों की संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा हो सकती है. बैठक में सपा सांसद अवधेश प्रसाद भी शामिल होंगे. सपा कांग्रेस से उन दूसरी सीटों पर जीत और उम्मीदवारों का समीकरण भी पूछेगी, जिनकी मांग कांग्रेस की ओर से की जा रही है.
ADVERTISEMENT
सपा ने कांग्रेस के लिए चुनीं 26 सीटें?
सूत्रों के मुताबिक सपा की ओर से तैयार 26 सीटों की सूची में वे सीटें शामिल हैं, जहां 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी या उसके उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे थे. इसके अलावा 20 अन्य सीटें भी कांग्रेस के लिए चिन्हित की गई हैं. इस सूची में रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं. सपा इन सीटों के अलावा कांग्रेस की ओर से मांगी गई अन्य सीटों पर भी चर्चा करने को तैयार है. इसके लिए कांग्रेस को 130 सीटों पर अपने संभावित उम्मीदवारों और जीत के समीकरण बताने होंगे.
यह भी पढ़ें- चंदौली में बीजेपी MLA सुशील सिंह के काफिले का हुआ सड़क हादसा, स्कॉर्पियो ने तीन गाड़ियों को मारा टक्कर
रायबरेली-अमेठी की सभी दस सीटों पर कांग्रेस का दावा
सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच कुछ क्षेत्रों में सहमति बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. कांग्रेस ने रायबरेली और अमेठी की सभी दस विधानसभा सीटों पर दावा पेश किया है. हालांकि, 2022 के चुनाव में इन दस सीटों में से छह पर सपा और चार पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी. कांग्रेस का खाता नहीं खुला था. इसके बावजूद पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाकर अपनी दावेदारी मजबूत कर रही है. उस चुनाव में सपा के साथ गठबंधन में कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह सीटें जीती थीं. कांग्रेस का मानना है कि वह गठबंधन में दलित, ब्राह्मण और अति पिछड़े वर्ग के वोट जोड़ सकती है. वहीं, कांग्रेस ने goodwill gesture के तौर पर मुलायम सिंह यादव के गृह जिले मैनपुरी की किसी भी विधानसभा सीट पर दावा नहीं किया है.
अवधेश प्रसाद भी बैठक में होंगे शामिल
दोनों दलों के बीच देवरिया की रुद्रपुर सीट पर भी पेच फंस सकता है. 2022 के चुनाव में यहां कांग्रेस के अखिलेश प्रताप सिंह को 31,177 वोट मिले थे, जबकि सपा उम्मीदवार को 36,251 वोट मिले थे. दोनों के बीच करीब पांच हजार वोटों का अंतर था. कांग्रेस इस सीट को अपनी दावेदारी के लिहाज से अहम मान सकती है. अखिलेश प्रताप सिंह 2012 में इसी सीट से विधायक चुने गए थे. दूसरी ओर, सपा 2022 के चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन को अपनी रणनीति का आधार बना रही है. उस चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन उसे सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी और उसका वोट शेयर 2.33 प्रतिशत रहा था. आज की बैठक में सपा सांसद अवधेश प्रसाद भी कमेटी का हिस्सा होंगे. दोनों दलों के सामने अब उन सीटों पर सहमति बनाने की चुनौती है, जहां दोनों की दावेदारी है.
यह भी पढ़ें- मेरठ से पकड़ा गया संदिग्ध उजैद, फिदायीन हमले की फिराक में था, पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से था कनेक्शन!
ADVERTISEMENT











