उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत चल रही है. इस बीच सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को दी जाने वाली 26 सीटों के पीछे का गणित बताया है. उन्होंने कहा कि इन सीटों में दो ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी. चार सीटों पर उसके उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे थे. बाकी 20 सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा था.
ADVERTISEMENT
रामगोपाल यादव के मुताबिक, इन 20 सीटों पर समाजवादी पार्टी को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवारों को महज 2 हजार वोट मिले. इसके बावजूद सपा कांग्रेस को ये सीटें देने के लिए तैयार है. रामगोपाल यादव का बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि कांग्रेस कुछ ऐसी सीटों पर भी दावा कर रही है, जहां 2022 में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन उससे बेहतर रहा था. दोनों दलों के बीच बातचीत में इन सीटों पर सहमति बनाना आसान नहीं होगा.
20 सीटों पर सपा का प्रदर्शन कांग्रेस से बेहतर
रामगोपाल यादव ने 26 सीटों के प्रस्ताव को समझाते हुए कांग्रेस के पिछले चुनावी प्रदर्शन का हवाला दिया. उनका कहना है कि सपा ने सिर्फ उन सीटों को ही कांग्रेस के लिए नहीं चुना, जहां उसका प्रदर्शन अच्छा रहा था, बल्कि उन सीटों पर भी उसे मौका दिया जा रहा है जहां कांग्रेस को बहुत कम वोट मिले थे.
सपा का तर्क है कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा केवल कांग्रेस की मांग के आधार पर नहीं हो सकता. यह भी देखना होगा कि संबंधित विधानसभा क्षेत्र में किस पार्टी का संगठन मजबूत है और किसके उम्मीदवार के जीतने की संभावना ज्यादा है.
कांग्रेस को दी जाने वाली 26 सीटों में कौन-कौन सी शामिल हैं?
रामगोपाल यादव के 26 सीटों के ऐलान से पहले सूत्रों के हवाले से एक लिस्ट सामने आई थी, जिसमें 26 सीटों का ही जिक्र किया गया था. दावा था कि सपा की ओर से कांग्रेस को शुरुआती तौर पर इन्हीं 26 सीटों का ऑफर दिया जाएगा. इन 26 सीटों के नाम हैं -
- रामपुर खास
- फरेंदा
- मथुरा
- खेरागढ़
- जगदीशपुर
- किदवई नगर
- बागपत
- मोदीनगर
- हापुड़
- जेवर
- स्याना
- खुर्जा
- खैर
- इगलास
- मांट
- आगरा उत्तर
- फतेहपुर सीकरी
- बिलग्राम-मल्लावां
- गोविंद नगर
- नानपारा
- गोरखपुर शहर
- खजनी
- पडरौना
- फाजिलनगर
- पिंडरा
- वाराणसी कैंट
कांग्रेस 130 से ज्यादा सीटों पर कर रही दावा
सीटों के बंटवारे में दोनों पार्टियों के बीच अंतर उनकी मांग को लेकर भी है. कांग्रेस ने शुरुआत में 181 विधानसभा सीटों की सूची सपा को सौंपी थी. कांग्रेस का दावा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन बेहतर रहा था. पार्टी ने सपा के साथ गठबंधन में 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह पर जीत दर्ज की थी.
कांग्रेस की दलील है कि वह गठबंधन में दलित, ब्राह्मण और अति पिछड़े वर्ग के वोट जोड़ सकती है. पार्टी रायबरेली और अमेठी की सभी 10 विधानसभा सीटों पर भी अपना दावा कर रही है.
हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में इन 10 सीटों में से छह पर सपा और चार पर भाजपा ने जीत हासिल की थी. कांग्रेस इनमें से एक भी सीट नहीं जीत सकी थी. सपा इसी चुनावी प्रदर्शन को आधार बनाकर कांग्रेस की सीटों की मांग पर सवाल उठा रही है.
ADVERTISEMENT











