फाफामऊ से किसे टिकट देंगे अखिलेश यादव? ओबीसी वोटों पर टिकी जीत-हार

आनंद राज

• 01:11 PM • 24 Nov 2026

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रयागराज की फाफामऊ सीट पर सियासी हलचल तेज . सपा में टिकट के लिए कई दावेदार मैदान में हैं, वहीं आरके वर्मा के सीट बदलने की चर्चा है. क्या भाजपा अपनी सीट बचा पाएगी या बदलेगा पूरा समीकरण?

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav (File Photo)

Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच प्रयागराज की फाफामऊ विधानसभा सीट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है.  गंगा पार इलाके में आने वाली इस सीट पर लगातार दो चुनावों से भाजपा काबिज है. जबकि इस बार समाजवादी पार्टी के भीतर टिकट के लिए लंबी दावेदारी और सीट बदलने की चर्चाओं ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है.

यह भी पढ़ें...

सपा में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त, आर के वर्मा पर चर्चा

प्रतापगढ़ जिले की सीमा से सटी फाफामऊ सीट पर 2017 से पहले सपा और बसपा के बीच मुकाबला होता रहा है. लेकिन 2017 और 2022 में भाजपा ने यहां जीत दर्ज की. 2022 में बसपा छोड़कर भाजपा में आए गुरु प्रसाद मौर्या यहां से विधायक चुने गए थे.

इस बार सबसे ज्यादा चर्चा सपा के भीतर टिकट को लेकर है. प्रतापगढ़ की रानीगंज सीट से सपा विधायक डॉ. आर के वर्मा के फाफामऊ से चुनाव लड़ने और सीट बदलने की चर्चाएं जोरों पर हैं. राजनीतिक गलियारों और स्थानीय जानकारों के मुताबिक, आर के वर्मा के साथ-साथ कई अन्य चेहरे भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं.

पूर्व विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अंसार अहमद पहलवान

आर के पटेल (कुर्मी मतदाताओं में प्रभाव की चर्चा)

मनोज पांडे

जया पाल, दूधनाथ पटेल और आदिल हमजा

ओबीसी वोटों की बिसात और समीकरण

स्थानीय विश्लेषण के अनुसार, फाफामऊ में मुस्लिम और यादव मतदाताओं की बड़ी आबादी मानी जाती है. लेकिन जीत-हार के समीकरण में ओबीसी वोटों की भूमिका बेहद अहम रहती है. 2022 में गुरु प्रसाद मौर्या के जरिए भाजपा ने जिस तरह ओबीसी वोटों को साधने में सफलता पाई, उसे देखते हुए सपा के सामने भी इन वर्गों को जोड़ने की चुनौती रहेगी. वहीं यह भी सवाल उठ रहा है कि यदि सपा आर के वर्मा को उतारती है तो वे कितने प्रभावी साबित होंगे या फिर पार्टी किसी नए चेहरे पर दांव लगाएगी.

भाजपा का रुख क्या रहेगा?

दूसरी ओर भाजपा खेमे में वर्तमान विधायक गुरु प्रसाद मौर्या को सबसे मजबूत दावेदार के रूप में देखा जा रहा है. अब यह देखना अहम होगा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव फाफामऊ से किस नाम पर मुहर लगाते हैं और भाजपा अपने मौजूदा विधायक पर ही भरोसा जताती है या किसी बदलाव पर विचार करती है.

ये भी पढ़ें: सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस की आज फिर बैठक, यूपी के इन 26 सीटों का ऑफर दे सकती है अखिलेश की पार्टी!